तेजस्वी ने नीतीश के आवास पर जाकर की मुलाकात:16 अगस्त को हो सकता है कैबिनेट का विस्तार; लॉ एंड ऑर्डर पर सबसे ज्यादा फोकस

पटना। उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलने उनके आवास पर शनिवार की देर शाम पहुंचे। जानकारी है कि दोनों ने कई मुद्दों पर आपस में बातचीत की है। कैबिनेट विस्तार को लेकर भी दोनों के बीच बातचीत हुई है।

तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार से मुलाकात की है।सूत्रों के अनुसार सब कुछ ठीक ठाक रहा तो 16 अगस्त को कैबिनेट का विस्तार हो सकता है। सत्ता से हटाने के बाद गुस्साई भाजपा आने वाले समय में कौन-कौन सी चाल चल सकती है महागठबंधन इसको लेकर अलर्ट है।

नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव दोनों जानते हैं कि भाजपा सरकार से बेदखल किए जाने से काफी गुस्से में है। बिहार की राजनीति में पिछले दिनों जो कुछ हुआ वह बीजेपी की राजनीतिक हार मानी जा रही है। भाजपा के दिग्गजों राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केन्द्रीय मंत्री अमित शाह की भी हार है।

दोनों भाजपा के भव्य कार्यक्रम में शामिल होने पटना आए और कुछ ही दिन बाद नीतीश कुमार ने भाजपा का साथ छोड़ दिया। क्षेत्रीय दलों के बारे में जेपी नड्डा ने बयान दिया। उसके बाद बिहार के दो क्षेत्रीय दलों राजद और जदयू ने अपनी ताकत राष्ट्रीय पार्टी भाजपा को दिखा दी।