रांची। चुनाव आयोग ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की विधानसभा की सदस्यता रद्द करने की सिफारिश की है। चुनाव लड़ने के लिए अयोग्य घोषित करने का फैसला राज्यपाल रमेश बैस पर छोड़ा गया है। राज्यपाल राजभवन में कानून विशेषज्ञों से वे चर्चा कर रहे हैं। संभवत: राज्यपाल इस पर कुछ देर में फैसला ले लेंगे। इससे झारखंड सरकार संकट में आ गई है।
सियासी संकट के बीच सीएम हाउस में महागठबंधन विधायक दल की बैठक भी कुछ देर में शुरू होने वाली है। जेएमएम, कांग्रेस और राजद के विधायक सीएम हाउस पहुंच गए हैं। सीएम के आते ही बैठक शुरू होगी, इसमें मौजूदा राजनीतिक हालात पर चर्चा होगी।
भाजपा ने हेमंत सोरेन पर मुख्यमंत्री पद पर रहते हुए रांची के अनगड़ा में 88 डिसमिल पत्थर माइनिंग लीज लेने का आरोप लगाया गया था। इसके बाद राज्यपाल ने चुनाव आयोग से इस मामले में राय मांगी थी।
गुरुवार को विशेष दूत ने नई दिल्ली से रांची आकर सीलबंद लिफाफे में चुनाव आयोग की राय राजभवन को सौंप दी है। झामुमो सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अगर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की कुर्सी गई तो उनकी पत्नी कल्पना सोरेन को मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है।