बेगूसराय से लोकसभा चुनाव लड़ेगे कन्हैया कुमार, भारतीय कम्यूनिस्ट पार्टी से उम्मीदवारी तय

जेएनयू छात्रसंघ के अध्यक्ष रह चुके कन्हैया कुमार बेगूसराय से लोकसभा चुनाव लड़ेगे। भारतीय कम्यूनिस्ट पार्टी से उनका लड़ना तय हो चुका है और पार्टी की जिला इकाई ने उम्मीदवारी के लिए राज्य कार्यकारिणी को कन्हैया का नाम रिकमेंड कर दिया है।

राष्ट्रीय कार्यकारिणी से मंजूरी मिलने के बाद इसकी घोषणा की जाएगी। भाकपा सूत्रों के अनुसार, कन्हैया का बेगूसराय सीट से नाम फाइनल हो चुका है। जिला इकाई को उम्मीद है कि राज्य कार्यकारिणी मार्च के पहले सप्ताह में होने वाली बैठक में उनके नाम को अनुमोदन कर देगी।

बिहार में भाकपा का राजद, कांग्रेस आदि दलों के साथ महागठबंधन है, लेकिन सीट बंटवारा अभी तय नहीं हुआ है। बेगूसराय सीट यदि भाकपा के खाते में गई तो ठीक, नहीं तो कन्हैया का महागठबंधन से लड़ना मुश्किल हो सकता है।

शाहेला रसीद के साथ कन्हैया (फाइल फोटो)

इधर, जेएनयू छात्रसंघ के अध्यक्ष रह चुके कन्हैया पर जेएनयू में देश विरोधी नारे लगाने का आरोप लग चुका है। हालांकि मामला न्यायालय में विचाराधीन है। भाजपा के नेता-कार्यकर्ता उन पर देशद्रोह का आरोप लगाते रहे हैं। ऐसे में बेगूसराय सीट से यदि गिरिराज सिंह को टिकट दिया जाता है तो कन्हैया के साथ उनकी चुनावी टक्कर देखना दिलचस्प होगा।