बिहार में 45 KM प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हवाएं मौसम का रुख बदल रही हैं। गुरुवार रात शुरू हुई हवा की यह गति शुक्रवार को भी जारी है। राज्य के 38 जिलों में मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है, जिसमें पटना सहित 8 जिलों में ऑरेंज अलर्ट है। इन जिलों में मौसम का प्रभाव अन्य जिलों की अपेक्षा काफी अधिक दिखाई देगा। हालांकि, बारिश और तेज हवा के बाद भी न्यूनतम तापमान में गुरुवार को कोई खास कमी नहीं देखी गई, जिससे ठंड से थोड़ी राहत रही है।

नवादा में बारिश के बाद जलजमाव।
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर पश्चिम बिहार के 5 जिलों पश्चिम चंपारण, सीवान, सारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, उत्तर मध्य बिहार के 7 जिलों सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, शिवहर, समस्तीपुर दक्षिण पश्चिम बिहार 6 जिलों बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद, अरवल तथा दक्षिण पूर्व बिहार के 5 जिलों भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर, खगड़िया और उत्तर पूर्व बिहार के 7 जिलों सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया, कटिहार में मौसम का येलो अलर्ट है।

इन 30 जिलों में अलग-अलग भागों में तेज गरज के साथ बिजली चमकने की संभावना है। जबकि, दक्षिण मध्य बिहार के 8 जिलों पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय, जहानाबाद को ऑरेंज अलर्ट में रखा गया है, यहां अधिकांश हिस्सों में तेज गरज और बिजली चमकने के साथ ओलावृष्टि का पूर्वानुमान है। इस दौरान राज्य के सभी जिलों में हवा की रफ्तार काफी तेज होगी।

पटना में गुरुवार रात 10 बजे के करीब बिजली कड़कने के बाद ली गई तस्वीर।
रात में थमी नहीं तेज हवा
गुरुवार रात पटना सहित राज्य के 26 जिलों में तेज हवा की रफ्तार नहीं थमी है। पटना सहित बिहार के 26 जिलों में आकाशीय बिजली की कड़क जारी रही। आकाशीय बिजली के चमकने और बादलों के गरज से रात का सन्नाटा टूट रहा था। पटना में रात लगभग साढ़े 9 बजे से आकाशीय बिजली का कड़कना शुरू हुआ, जो 10 बजे तक काफी तेज हो गया। पटना सहित राज्य के अन्य 26 जिलों में भी यही हाल रहा है। हालांकि, बारिश रात 10 बजे के बाद से शुरू हुई है।

जहानाबाद में भी देर रात हुई बारिश के बाद आसमान में छाए हैं बादल।
सारण, भोजपुर, बक्सर, सीवान, वैशाली, पटना, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर सहित राज्य के 26 जिलों में मेघ गर्जन के साथ बारिश हो रही है। इन जिलों में आकाशीय बिजली के साथ गरज भी काफी तेज है। राज्य के लगभग 26 जिलों में हवा की रफ्तार 15 से लेकर 40 किलोमीटर प्रति घंटे की है।
मौसम विभाग ने किया था अलर्ट
मौसम विभाग ने पटना सहित राज्य के 26 जिलों में 3 फरवरी को गरज के साथ बारिश का अलर्ट किया था। बताया था 3 और 4 फरवरी को बारिश का सिस्टम पूरी तरह से एक्टिव रहेगा। ऐसा देश में एक्टिव पश्चिमी विक्षोभ के कारण बिहार और पड़ोसी राज्यों में हो रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि राज्य में पछुआ हवा का प्रवाह सतह से 1.5 किलो मीटर ऊपर तक हो रहा है। देश में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव शुरू हो गया है। इस कारण से बारिश हो रही है।