किशनगंज: बिहार के किशनगंज जिले के गलगलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत नेंगड़ाडुबा गांव में इंडो-नेपाल सीमा से जुड़े ब्राउन शुगर तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है. SSB और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना पर छापेमारी कर 48 वर्षीय तस्कर चांद मोहम्मद को गिरफ्तार किया. छापेमारी में 120 ग्राम ब्राउन शुगर, लाखों रुपये की नकदी और कई देशों की विदेशी मुद्रा बरामद की गई.

तस्कर के पास से विदेशी करेंसी बरामद
तलाशी के दौरान आरोपी के घर से लगभग 120 ग्राम संदिग्ध ब्राउन शुगर, एक इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन और 7 लाख 76 हजार 500 रुपये भारतीय नकद जब्त किए गए. इसके अलावा 1 लाख 28 हजार रुपये नेपाली मुद्रा भी बरामद हुई. पुलिस ने एक मोबाइल फोन को भी सबूत के तौर पर कब्जे में लिया है.

विदेशी मुद्राओं से जुड़ा अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन
आरोपी मो. चांद के कब्जे से विदेशी करेंसी भी मिली है, जिसमें कतर के 27 नोट, चीन के 10 नोट, सऊदी अरब के 12 नोट और मलेशिया का एक नोट शामिल है. पुलिस और SSB की टीम इस बात की जांच कर रही है कि ये विदेशी करेंसी तस्करी नेटवर्क से कैसे जुड़ी हैं और नेपाल के रास्ते मादक पदार्थों का कारोबार किस स्तर तक फैला हुआ है.
ठाकुरगंज सर्किल इंस्पेक्टर के नेतृत्व में कार्रवाई
छापेमारी की अगुवाई ठाकुरगंज सर्किल इंस्पेक्टर पंकज पंथ ने की. टीम में गलगलिया थानाध्यक्ष राकेश कुमार, पुलिस बल और SSB की 41वीं बटालियन के भातगांव एवं नेमुगुड़ी कैंप के जवान शामिल थे. वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने आरोपी के घर में सघन तलाशी ली.

नेपाल सीमा से जुड़े नेटवर्क की जांच तेज
पुलिस ने आरोपी मो. चांद मोहम्मद को गिरफ्तार कर गलगलिया थाने ले आई. SSB की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आरोपी को पुलिस के हवाले किया गया. जांच टीम का मानना है कि यह केवल एक व्यक्ति तक सीमित नहीं है बल्कि नेपाल सीमा से जुड़े बड़े तस्करी नेटवर्क का हिस्सा है. आगे की पूछताछ में और खुलासे होने की संभावना है.

यह कार्रवाई इंडो-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है. जिला प्रशासन और सुरक्षा बलों ने संयुक्त प्रयासों से ऐसे नेटवर्क को तोड़ने का संकल्प लिया है. स्थानीय लोगों से भी सूचना साझा करने की अपील की गई है ताकि क्षेत्र को नशीले पदार्थों के खतरे से मुक्त किया जा सके.