मुजफ्फरपुर। निजीकरण सहित अन्य मुद्दों को लेकर 28 और 29 मार्च को बैंक, बीमा व डाक कर्मी हड़ताल पर रहेंगे। इस दौरान बैंक शाखाएं व पोस्ट ऑफिस बंद रहेंगे। प्रदर्शनकारी कर्मियों की ओर से एटीएम व निजी बैंकों की शाखाओं में भी कामकाज ठप कराए जाने की आशंका है।
दो दिवसीय हड़ताल के मद्देनजर रविवार को बड़ी संख्या में लोगों ने एटीएम से रुपये की निकासी की। इस कारण शहर के क्लब रोड, पक्की सराय, ब्रह्मपुरा, सरैयागंज, अखाड़ाघाट व जीरोमाइल के अलावा भगवानपुर स्थित एटीएम पर देर तक लोगों की कतार लगी रही।
इससे बड़ी संख्या में एटीएम के कैश आउट होने से भी लोगों को समस्या झेलनी पड़ी। दिनभर में जिले के एटीएम से करीब दस करोड़ रुपये की निकासी हुई।
बिहार स्टेट सेंट्रल बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन के महामंत्री मृत्युंजय मिश्रा ने बताया कि निजीकरण पर रोक के खिलाफ हमलोगा निर्णायक लड़ाई लड़ रहे हैं। निजीकरण देश व आम लोगों के खिलाफ है। बैंकों के निजीकरण कल्याणकारी योजनाएं प्रभावित होंगी।
बताया कि नौ यूनियन का संयुक्त संगठन यूनाईटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के बैनर तले कर्मी एकजुट हैं। बैंकों के निजीकरण, श्रम कानून में संशोधन और नई पेंशन नीति के खिलाफ बैंककर्मी फिर से सड़क पर उतरेंगे। पांच दिन की बैंकिंग व महिला कर्मचारियों के लिए चाइल्ड केयर अवकाश भी उनकी प्रमुख मांग है।


