मुजफ्फरपुर। सकरा प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय सुंदरपुर की महिला शिक्षक अंजनी कुमारी को प्रखंड शिक्षक नियोजन इकाई ने सेवा मुक्त कर दिया है। बताया जाता है कि इसने डीएलएड का योग्यता प्रमाण पत्र जम्मू एवं कश्मीर की एक संस्था से वर्ष 2007 मे लिया था, जो कि अमान्य है। इस मामले की शिकायत ग्रामीण कामेश्वर प्रसाद सिंह ने की थी।
महकमा को लिखित शिकायत करने के बाद निगरानी विभाग मे भी इस मामले की शिकायत की थी। जिला शिक्षा पदाधिकारी स्थापना के पञांक 3421 दिनांक 8/9/2021 के आलोक मे बताया गया कि जिस संस्था से अंजनी कुमारी ने वर्ष 2007 में डीएलएड की डिग्री ली थी वह वर्ष 2005 के बाद मान्य नहीं है।
हालांकि इस संदर्भ मे नियोजन इकाई ने अंजनी कुमारी से पक्ष रख़ने हेतु स्पष्टीकरण की मांग की थी परंतु उसने नियोजन इकाई को सही जवाब नहीं दिया। इस मामले मे प्रखंड नियोजन इकाई की बैठक सात जून को प्रमुख नूर आलम की अध्यक्षता मे आयोजित की गई।
इसमें निदेशक प्राथमिक शिक्षा विभाग, पुलिस उपाधिक्षक निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, जिला शिक्षा पदाधिकारी मुजफ्फरपुर स्थापना के द्वारा दिए गए निर्देशो का पालन करते हुए अंजनी कुमारी को पद से सेवा मुक्त कर दिया गया है।

