बिहार के कई जिलों के लोगों को गर्मी से राहत मिलने लगी है। पूर्णिया में बुधवार अहले सुबह बारिश शुरू हुई। वहीं बेगूसराय और मुंगेर में आज दोपहर 2 बजे से झमाझम बारिश से तापमान में गिरावट आई है। मौसम विभाग ने गया, नालंदा, नवादा, जहानाबाद और अरवल में अगले 2 घंटे में तेज हवा और मेघ गर्जन के साथ बारिश की संभावना जताई है।


हालांकि, राजधानी पटना में धूप और छांव का खेल से सुबह से जारी है। यहां गर्मी से लोग काफी परेशान हैं। संभवना है कि यहां भी अगले 24 घंटे में बारिश हो सकती है।

पटना में 17 जून को मानसून आने की उम्मीद
बता दें कि पटना में लगातार तीसरे दिन तापमान 40 डिग्री से अधिक रहा है। सोमवार को पटना में अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 41.7 डिग्री था।

जबकि, मंगलवार को दिन का पारा सामान्य से पांच डिग्री अधिक 41.9 डिग्री रहा है। इस दौरान तेज धूप और गर्म हवाओं की वजह से लोग लू की तपिश झेलने को मजबूर हैं। बुधवार यानी आज भी लू का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, पटना में 17 जून तक मानसून आने की उम्मीद है।

