सावन की तीसरी साेमवारी पर जलाभिषेक के लिए रविवार की सुबह से ही कांवरिया शहर के ठहराव स्थलाें में पहुंचने लगे। साथ ही काफी संख्या में कांवरियाें ने बाबा गरीबनाथ का रविवार की सुबह से ही जलाभिषेक किया। सुबह से कांवरिया कफेन व मधाैल हाेते हुए रामदयालु के रास्ते शहर में पहुंचे। रविवार की रात जैसे ही घड़ी की सुई 12 के पार हुई कांवरिया शहर में बनी बैरिकेडिंग में पहुंचे।

सभी एक-दूसरे काे पीछे छाेड़ते हुए आगे बढ़कर अरघा में जल चढ़ाने लगे। अरघा से बाबा का जलाभिषेक शुरू किया। इस बीच रातभर बाबा का जलाभिषेक चलता रहा। माथे पर भगवान शिव के नाम का तिलक व कंधे पर कांवर में गंगा जल के साथ बाेलबम व हरहर महादेव के जयघाेषाें के साथ कांवरिया पैदल चलकर बाबा गरीबनाथ मंदिर पहुंचे। संध्या 7 बजे के बाद कांवरियाें की बढ़ती भीड़ काे लेकर प्रशासन ने हरिसभा चाैक से देवी मंदिर रमना हाेते हुए पानी टंकी चाैक के रास्ते जिला स्कूल में बने जीग-जैग से हाेकर हाथी चाैक व अमर सिनेमा राेड हाेते हुए साहू पाेखर व माखन चाैक के रास्ते बाबा गरीबनाथ मंदिर पहुंचकर मंदिर के मुख्य द्वार पर लगे अरघा के माध्यम से बाबा का जलाभिषेक किया।

बोलबम से गूंजा शहर : आज माैसमी फलाें और चौथी सोमवारी पर पान के पत्ते से हाेगा बाबा का महाशृंगार
रामदयालु नगर से शहर की सीमा में प्रवेश करने के साथ ही कांवरियाें का जगह-जगह लाेगाें ने स्वागत किया। कई कांवरियाें काे सेवा दल के सदस्य ने शिविर में ठहराकर आराम कराया। वहीं, कंधे के सहारे कुछ दूर तक पहुंचाया। कांवरिया सुबह से ही शहर के आरबीटीएस काॅलेज व आरडीएस काॅलेज स्थित कांवरिया ठहराव स्थल पर पहुंचने लगे थे। बाबा गरीबनाथ मंदिर के आसपास पहुंचकर भी जलाभिषेक के लिए रास्ता देखते रहे। इस दाैरान कांवरियाें से मिलने के लिए परिजनाें की भीड़ लगी रही। श्रावणी मेले काे लेकर बाबा गरीबनाथ मंदिर समेत शहर के विभिन्न चाैक-चाैराहाें पर मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस बल तैनात था। मंदिर के बाहर पंडाल में और मंदिर के अंदर मजिस्ट्रेट उपस्थित थेहे। साथ ही जगह-जगह मेडिकल कैंप लगाए गए थे।

महाशृंगार के साथ ही आज होगी सामूहिक आरती
सावन की तीसरी साेमवारी पर बाबा गरीबनाथ का माैसमीं फलाें से भव्य महाशृंगार हाेगा और सामूहिक आरती हाेगी। प्रधान पुजारी पं. विनय पाठक ने बताया, तीसरी साेमवारी पर बाबा का माैसमीं फल व चाैथी साेमवारी पर पान के पत्ते से महाशृंगार हाेगा।

निगम ने शहर के पांच स्थानाें पर उपलब्ध कराया गंगा जल
सावन की तीसरी साेमवारी पर रविवार काे नगर निगम ने शहर के पांच स्थानाें पर श्रद्धालुओं के लिए पवित्र गंगा जल उपलब्ध कराया। जिसमें शहर के द्वारिकानाथ उच्च विद्यालय, सरैयागंज टावर, जवाहरलाल राेड, अंडी गाेला, कंपनीबाग राेड एवं इस्लामपुर राेड में श्रद्धालुओं काे गंगा जल दिया गया। वहीं, पहलेजा घाट से टैंकर भरकर गंगा जल लाया गया। उधर, कांवरियाें की भीड़-भाड़ काे लेकर रविवार काे साहू पाेखर में एनडीआरएफ की टीम माेटरबाेट के साथ तैनात रही। चौक-चौराहों पर भी पुलिस बल के साथ मजिस्ट्रेट तैनात रहें।


