मुजफ्फरपुर जिले के सकरा थाना क्षेत्र के पिलखी ठीकहां में जमीन के अंदर से महिला का लाश निकाला गया। पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में स्थानीय लोगों की मदद से जमीन खोदकर लाश को बाहर निकाला गया। यह दृश्य देखने के लिए सैंकड़ो की संख्या में लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। इससे पुलिस कार्य में बाधा भी उतपन्न हुई। सकरा थाने की पुलिस ने भीड़ को डांट फटकार कर हटाया। शव बाहर निकालने के बाद जांच पड़ताल कर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल भेज दिया गया। मृत महिला इंदल राम की पत्नी सीता देवी (35) बताई गई है। घटना के पीछे उसके पति और ससुराल वालों की संलिप्ता सामने आई है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी भी की। लेकिन, सभी घर छोड़कर फरार थे।

सड़ा गला हालत में था शव
जैसे ही मिट्टी हटाया जाने लगा और शव का कुछ हिस्सा बाहर आया। तेज दुर्गंध आना शुरू हो गया। लोगों ने रुमाल और गमछा से नाक बंद किया। जमीन के अंदर से लाश निकालने के बाद पुलिस ने जांच की। शव देखकर पता लगा कि यह 4-5 दिन पुराना है। मिट्टी में दबे रहने के कारण सड़ने लगा था। इसे कपड़ा में लपेटकर वहां से मेडिकल भेजा गया।

प्रेम प्रसंग में घर से भागी थी महिला
स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि महिला ईंट भट्ठा में काम करती थी। उसे तीन बच्चे हैं। उसका पति भी मजदूरी करता था। इसी बीच महिला का गांव के एक युवक से प्रेम प्रसंग चलने लगा। 7 महीने पहले वह बच्चों को लेकर प्रेमी संग घर से चली गयी। फिर 20-25 दिन बाद वापस लौट आयी। गांव में पंचायत हुई। पंच के सामने उसके पति और ससुराल वालों ने महिला और बच्चों को अपनाने की बात स्वीकार की और उसे घर ले गए।

…और करने लगा मारपीट
मृत महिला के भाई दिनेश राम ने बताया कि पंचायत में सुलहनामा भी बना था। जिसमे एक कागज पर इंदल और उसके परिवार वालों का अंगूठे के निशान लिया गया था। इसमे तय हुआ था कि घर ले जाने के बाद वह महिला के साथ मारपीट नहीं करेगा। लेकिन, घर जाने के बाद वे लोग महिला के साथ मारपीट और प्रताड़ित करने लगे। इसकी जानकारी उसने अपने मायके वालों को भी दी थी।

हत्या कर लाश को लगाया ठिकाने
मायके वाले फिर से पहल करने वाले थे। इसी बीच आरोपियों ने उसकी हत्या कर शव को खेत मे ले जाकर जमीन में गाड़ दिया। कहीं से इस बात की भनक ग्रामीण को लग गयी। उसने मीडिया को सूचना दी। मीडिया के माध्यम से देर रात पुलिस को इसका पता लगा। रात को पुलिस ने स्पॉट पर जाकर छानबीन की। आरोपी के घर पर रेड भी किया। पर वे लोग फरार मिले। आज जमीन खोदकर लाश को बाहर निकाला गया।


