मुजफ्फरपुर : हाय हाय रे मजबूरी, तेरे सौ टकिये की नौकरी में मेरा लाखों का सावन जाए…चूड़ी मजा न देगी कंगन मजा न देगा, तेरे बगैर साजन सावन मजा न देगा…सावन का महीना आदि गानों पर हरी साड़ी से लिपटी सुहागिनों ने एक जगह जुटकर खूब ठुमके लगाए। कुछ ऐसा ही हुआ रविवार को भूमिहार महिला समाज द्वारा आयोजित हरीतिमा सावन महोत्सव में।
स्थानीय कलमबाग चौक स्थित एक होटल में आयोजित हरीतिमा सावन महोत्सव में महिलाओं ने घर के कामकाज से खुद को आजाद कर अपने माहौल को खूब जीया।
सामूहिक रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर गणेश वंदना घर में पधारों गजानंद जी के साथ कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की। रैम्प वाक में सावन क्वीन रश्मि प्रभात रंजन, फर्स्ट रनर अप अनामिका, सेकेंड रनर अप दीपा डांस में अर्पिता व पुष्पांजलि चुनी गई।
महिलाओं ने कार्यक्रम में खूब मस्ती की। इसके बावजूद अपनी परंपरा को नहीं छोड़ा। अरवा चावल, दूभी, सिंदूर, बिन्दी अंजुरी में ले रुपा सिंह ने सबको खोंईछा भर कर विदा किए।
कार्यक्रम का संचालन कवियत्रिी मीनाक्षी मीनल ने किया। भूमिहार महिला समाज की ओर से आयोजित महोत्सव में कविता सिंह, सपना राज, डॉ.सुभद्रा कुमारी, डॉ.बोधि कश्यप, पल्लवी दत्ता, भावना भूषण, मंजू सिंह, अनामिका सिंह, रश्मि सुमि, सोनी तिवारी, कोमल सिंह सहित सौ से अधिक महिलाओं ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया।







