दरभंगा में सिंहवाड़ा थानाक्षेत्र के कलिगांव पंचायत के कल्याणपुर व चमनपुर के लोगों के बीच दो युवकों के झगड़े को लेकर बढ़ा विवाद हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। घटना गुरुवार को हुई। मारपीट व रोड़ेबाजी में एक दर्जन से अधिक लोग जख्मी हुए हैं। जिन्हें उपचार के लिए सिंहवाड़ा सीएचसी में भर्ती कराया गया। जबकि कई लोगों ने स्थानीय डॉक्टर से इलाज कराया है। जख्मी चमनपुर के मो नौशाद, फूलबाबू, दिलशाद, जुबैर व कल्याणपुर के पमीना खातून, इब्राहीम नद्दाफ, नजीर नद्दाफ, जबरैल नद्दाफ, जफर आलम, गुलफाम व सुनैना देवी का उपचार सीएचसी में हुआ है।
![]()
बताया जाता है कि चमनपुर के एक बाइक सवार युवक महिला को लेकर कहीं जा रहा था। इसी बीच कल्याणपुर के एक युवक ने बाइक सवार को घेर लिया। विवाद बढ़ने पर बाइक सवार युवक ने गांव वाले को इसकी सूचना दी। जिसके बाद चमनपुर के लोग मौके पर पहुंचे। इसी बीच कल्याणपुर के लोग भी महादलित टोला के निकट एकजुट हो गए। जिसके बाद दोनो ओर से मारपीट व पथराव शुरू हो गया। रोड़ेबाजी में कई लोग जख्मी हो गए।

इस दौरान लोगों ने अपना गुस्सा बाइक पर निकाला। सूत्रों के मुताबिक आक्रोशित भीड़ ने तीन बाइक के साथ तोड़फोड़ की है। मौके पर पहुंचे सिंहवाड़ा थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने मामले को शांत कराया। विवाद के पीछे कमतौल थानाक्षेत्र के कनौर में एक युवक व एक युवती के आपत्तिजनक हालत में पकड़े जाने का मामला बताया जा रहा है।

सूत्रों ने बताया कि चमनपुर की युवती व धरमपुर के युवक को कनौर में लोगों ने पकड़ा था। जिसके बाद मामले को लेकर पंचायत भी हुई थी। समाचार लिखे जाने तक दोनो पक्ष में से किसी ने भी थाने में लिखित शिकायत नही की है।



