बेगूसराय: ड्यूटी पर तैनात एक नौसैनिक की मौत के बाद बेगूसराय जिले में शोक की लहर फैल गई एवं मृतक जवान के घर पर सांत्वना देने वालों का तांता लग गया।
बताया जा रहा है कि सिंघौल थाना क्षेत्र के रचियाही निवासी राम बहादुर भगत के पुत्र विनोद कुमार निराला नौसेना में कार्यरत थे एवं वर्तमान में जबलपुर में अपनी सेवा दे रहे थे। सोमवार को अचानक विनोद कुमार निराला की तबीयत बिगड़ी और ड्यूटी के दौरान ही उनकी मौत हो गई।

मौत की सूचना मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मंगलवार को विनोद कुमार निराला का शव जैसे ही गांव पहुंचा वैसे ही सैनिक को देखने के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। बाद में पूरे राजकीय सम्मान के साथ सिमरिया गंगा घाट पर विनोद कुमार निराला का अंतिम संस्कार किया गया। विनोद कुमार निराला की शव यात्रा में सैकड़ों लोग शामिल हुए एवं भारत माता की जय एवं जिंदाबाद के नारे लगाते रहे।
विनोद कुमार निराला के भाई ने बताया कि तबीयत खराब होने की वजह से उनके भाई की मौत हुई लेकिन अपने कर्तव्य का पालन उन्होंने अंतिम सांस तक पूरी ईमानदारी से किया इसलिए उनको अपने भाई पर गर्व है।




