बेगूसराय: बिहार के बेगूसराय जिले में आने वाले एक छोटे से गांव दुनही के रहने वाले अभिराज कुमार ने बीसीसीआई की अंडर-19 वीनू मांकड क्रिकेट ट्रॉफी खेलने के लिए बिहार टीम में जगह बना ली है. क्रिकेट टीम में अभिराज बतौर ऑलराउंडर खेलेंगे. अभिराज के चयन से जिलावासियों में खुशी की लहर है. बता दें अभिराज कुमार के पिता गणेश दत्त डीएलसीएल के डायरेक्टर हैं जबकि चाचा महेश दत्त क्रिकेट कोच हैं. अभिराज ने खासकर अपने चाचा से ही क्रिकेट की बारीकी सीखी है. इन दिनों अभिराज दिल्ली में रहकर प्रैक्टिस भी कर रहे हैं.

अभिराज को विरासत में मिला है क्रिकेट
क्रिकेट कोच चाचा महेश दत्त बताते हैं कि अभिराज में बचपन से ही क्रिकेट के प्रति काफी ललक थी. अभिराज ने अपने प्रखंड गढ़पुरा क्रिकेट क्लब के कप्तान के रूप में भी खेला. फिर उसे बेगूसराय क्रिकेट टीम में भी खेलने का मौका मिला. जहां उसने अपनी प्रतिभा से सबको प्रभावित किया. बेगूसराय डिस्ट्रिक्ट लीग में कई शानदार पारी खेली. डिस्ट्रिक्ट लीग में अंडर-14 में भी उसका प्रदर्शन काफी अच्छा रहा. धीरे-धीरे उसके खेल में निखार आता गया और इसी का परिणाम है कि बिहार राज्य क्रिकेट एसोसिएशन की चयन समिति ने वीनू मांकड ट्रॉफी में उसका सलेक्शन किया है. जिलेवासी और क्रिकेट प्रेमी बिहार का गौरव कहकर बधाई दे रहे हैं.

डीएलसीएल के निर्देशक अभिराज कुमार के पिता गणेश दत्त ने बताया कि जब उनका बेटा पहली बार बैट पकड़ कर खड़ा हुआ था, तब ऐसी उम्मीद परिवार वालों को नहीं थी. परिवार वालों का कहना था कि यह क्रिकेट में अपना कैरियर नहीं बना सकता है, लेकिन कठिन परिश्रम और लगातार अभ्यास और उसके खुद के जूनून ने रंग लाया. जब प्रखंड स्तर पर कई अवॉर्ड जीते तो पूरे परिवार को यह विश्वास हो गया कि यह एक दिन देश का नाम रोशन करेगा. अभिराज कुमार को पूरे परिवार से क्रिकेट की प्रैक्टिस करने के लिए सहयोग मिलता है.

अभिराज कुमार ने बताया कि आगे चलकर देश के लिए किक्रेट खेलकर गांव का नाम रोशन करना चाहता है. अभिराज को सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली को अपना आदर्श मानते हैं. साथ ही उनकी तरह ही बनना चाहते हैं. इसके लिए दिन-रात मेहनत कर कर रहे हैं. वहीं अभिराज ने आगे बताया उनके चाचा महेश दत्त भी एक क्रिकेट कोच हैं और आगे बढ़ने में चाचा का काफी सहयोग मिल रहा है.



