मुजफ्फरपुर जिले में सरैया प्रखंड के अंचलाधिकारी (सीओ) नारायण बैठा का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह जमीन के दाखिल-खारिज के बदले 1,900 रुपये की रिश्वत मांगते दिख रहे हैं। हालांकि, मुजफ्फरपुर न्यूज़ इस वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है। वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय विधायक ने डीएम से मिलकर मामले में कार्रवाई करने की मांग की है।
सरैया सीओ का रिश्वत लेने का वीडियो आया सामने
प्रसारित वीडियो में दिख रहा है कि जमीन के विवादित होने के कारण दूसरे पक्ष के बजाय पैसा देने पहुंचे व्यक्ति को मदद करने की बात सीओ कह रहे हैं। बातचीत के दौरान ही वह एक व्यक्ति को बुलवाते हैं और उसी को पैसा देने के लिए कहते हैं। इसके बाद वीडियो में उस व्यक्ति के हाथ में 1,900 रुपये देते हुए दिखाई देता है। वीडियो में देखा जा सकता है कि सीओ कह रहे हैं कि पैसा एक ही बार में क्यों नहीं दिए, जिस पर पैसा देने वाला बाकी पैसा जल्द ही देने की बात कह रहा है।
विधायक ने की DM से शिकायत
सीओ के इस प्रसारित वीडियो को लेकर विधायक अशोक कुमार सिंह ने डीएम से मिलकर कार्रवाई करने की मांग की है। बता दें कि स्थानीय विधायक अशोक कुमार सिंह मुख्यमंत्री के समक्ष भी अंचलाधिकारी के भ्रष्टाचार का मामला उठा चुके हैं, जिसपर जांच टीम गठित की गई है। वहीं इस ताजा प्रकरण में जब सीओ नारायण बैठा से उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया तो उन्होंने नो कमेंट कहकर मोबाइल कॉल डिसकनेक्ट कर दिया।




