सीतामढ़ी: बिहार के सीतामढ़ी से एक दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां एक मिठाई व्यवसायी की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. बता दें कि, घटना जिले के बैरगनिया थाना क्षेत्र के गुदरी बाजार स्थित बताशा बाजार की है. अपराधियों ने एक 24 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या कर दी है. साथ ही दुकान के पास लावारिस हाल में उसका शव पड़ा था. मृतक की पहचान बैरगनिया नगर के वार्ड नंबर चार निवासी अर्जुन कुमार के रूप में हुई है. घटना के बाद इलाके में कोहराम मच गया है.
अर्जुन की दुकान गुदरी बाजार में है, वह रात को अपनी दुकान पर था. इस पूरे मामले को लेकर बताया जा रहा है कि, बगल में भोज का आयोजन था. सभी स्थानीय लोग भोज खाने जा रहे थे. इसी दौरान रात करीब 11 बजे दावत खाकर लौट रहे कुछ लोगों ने लावारिस अवस्था में खून से लथपथ शव देखा तो कोहराम मच गया. फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर पुलिस अपनी जांच कर रही है.
इसके साथ ही जैसे ही कुछ लोगों ने घटना की सूचना बैरगनिया थाने की पुलिस को दी, एसएचओ रणवीर झा अपने सशस्त्र बल के साथ मौके पर पहुंच गए. साथ ही इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों से पूछताछ की. पूछताछ के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सीतामढ़ी सदर अस्पताल भेज दिया गया. पुलिस मामले की जांच कर रही है. वहीं परिजनों को सूचना मिलने के बाद से युवक के घर में कोहराम मच गया है.


