मोतिहारी : पश्चिम चंपारण जिले के सुगौली थाना में फुलवरिया पंचायत भवन के सामने बदमाशों ने हार्डवेयर व्यवसायी को गोली मारकर एक लाख रुपये लूट लिए। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोगों की भीड़ घटनास्थल पर उमड़ पड़ी। स्थानीय मुखिया अवधेश कुशवाहा ने घटना की सूचना थानाध्यक्ष धनंजय शर्मा को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष घटनास्थल पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। लोगो ने एंबुलेंस को बुलाया, जिसके बाद परिजन घायल व्यवसायी को इलाज के लिए मोतिहारी लेकर चले गए। घायल का इलाज मोतिहारी में रहमानिया अस्पताल में चल रहा है।
अपाचे पर सवार थे तीन बदमाशजानकारी के अनुसार, प्रखंड के फुलवरिया निवासी प्रमोद शर्मा छपवा चौक पर बेतिया रोड में हार्डवेयर का व्यवसाय करते हैं। सोमवार की रात करीब 9 बजे अपनी दुकान को बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी बीच छपवा बेतिया रोड में फुलवरिया पंचायत भवन के सामने अपाचे पर सवार तीन बदमाशों ने सामने से घेर लिया और व्यवसायी का बैग छीनने लगा।
एक लाख रुपये सहित मोबाइल भी लूटा
बताया जाता है कि तीनों बदमाश हेलमेट लगाए हुए थे। जब व्यवसायी ने विरोध किया तो बदमाशों ने उनकी बाईं पैर के जांघ में गोली मार दी। गोली लगते ही व्यवसायी घायल होकर गिर गए। उनके बैग में रखे 70 हजार रुपये, पैंट की जेब में रखे तीस हजार रुपये और मोबाइल लेकर सभी बदमाश छपवा की ओर भाग निकले।पुलिस ने व्यवसायी के नंबर पर फोन किया तो घंटी बज रही थी। पुलिस ने मोबाइल को छपवा चौक के समीप से बरामद कर लिया है। घटना के बाद व्यवसायियों में दहशत का आलम है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस अपराधियों की तलाश में जुटी हुई है।


