बिहार: बिहार के किशनगंज, कटिहार सहित पश्चिम बंगाल के एनजेपी (न्यू जलपाईगुड़ी) और आसपास के इलाके के रेल यात्रियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है. राजधानी पटना आने जाने में अब और भी आसानी होने वाली है. न्यू जलपाईगुड़ी से किशनगंज, कटिहार होकर पटना आने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस 17 दिसंबर से शुरू हो जाएगी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस वंदे भारत का वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से उदघाटन करेंगे.

आपको बता दें कि देश भर में 10 नई वंदे भारत एक्स्प्रेस का इसी दिन पीएम मोदी उदघाटन करेंगे. कटिहार रेल डिवीजन के विशेष सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कटिहार रेल डिवीजन को 17 दिसंबर को तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं. मंगलवार तक एनजेपी वंदे भारत एक्सप्रेस की नई रैक भी पहुंचने की बात की जानकारी मिल रही है. मालूम हो कि एनजेपी रेलवे स्टेशन कटिहार रेल डिविजन के अंदर आता है.
रेलवे की इस सौगात की इस खबर के बाद एनजेपी, किशनगंज, कटिहार और आसपास के इलाकों के लोगों में काफी खुशी है. बीजेपी एमएलसी डॉ दिलीप कुमार जायसवाल ने बताया कि बहुत दिनों से पटना के लिए ट्रेन की डिमांड की जा रही थी. रेल मंत्री ने इस मांग को पूरा करते हुए सीमांचल वासियों को वंदे भारत के रूप में सौगात दी है. इसके शुरू होने के बाद किशनगंज, कटिहार से पटना का सफर अब बहुत ही कम समय में तय किया जा सकेगा.

इस ट्रेन का लाभ कई जिले के लोगों को होगा. किशनगंज, कटिहार, पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग, उत्तर दिनाजपुर के साथ-साथ पूर्णिया, अररिया जिले के लोग भी इस ट्रेन का लाभ उठा सकेंगे. किशनगंज के सांसद डॉ मोहम्मद जावेद ने भी बताया कि उन्होंने कुछ माह पूर्व रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मिलकर पटना वंदे भारत के साथ साथ कई अन्य मांगें रखी थी, जिसमे पटना वंदे भारत को शुरू करने की घोषणा हुई है.

पटना के लिए यह ट्रेन न्यू जलपाईगुड़ी से सुबह सुबह 6 बजे खुलेगी, जो किशनगंज और कटिहार में ठहराव के बाद दोपहर एक बजे पटना पहुंचेगी. एनजेपी से पटना तक के सफर में मात्र 7 घंटे लगेंगे. पटना की ओर जाने वाली यह ट्रेन किशनगंज में सुबह सात बजे तो कटिहार में सुबह साढ़े आठ बजे पहुंचेगी. वहीं वापसी में पटना से यह दोपहर तीन बजे प्रस्थान करेगी जो कटिहार शाम साढ़े सात बजे तो किशनगंज रात आठ पचास पर पहुंचेगी और अपने गंतव्य एनजेपी रात दस बजे पहुंच जाएगी. इस ट्रेन का परिचालन सप्ताह में छह दिन ही होगा, वहीं मंगलवार को यह ट्रेन नहीं चलने की सूचना है.