अगर आपके पास इलेक्ट्रिक वाहन है और ट्रेन में सवार होने के लिए जंक्शन आना चाह रहे हैं तो चार्जिंग की परेशानी नहीं होगी। कुछ ही दिनों में मुजफ्फरपुर जंक्शन पर इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग स्टेशन बनकर तैयार हो जाएगा। विश्वस्तरीय बन रहे मुजफ्फरपुर जंक्शन पर इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग की व्यवस्था की जा रही है। इसके लगने पर यात्री मुस्कान के साथ सफर कर सकेंगे।

इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग स्टेशन लगने से मुजफ्फरपुर जंक्शन देश के बड़े रेलवे स्टेशनों के नक्शे में भी आ जाएगा। साथ ही प्रदूषण जैसी समस्याओं से भी छुटकारा मिलेगा। मुजफ्फरपुर जंक्शन के दक्षिण तरफ में बने वाहन पार्किंग स्टैंड में चार्जिंग स्टेशन लगाया जाएगा। आरएलडीए ने वर्ल्ड क्लास स्टेशन बनाने के नक्शा में इसको भी शामिल कर लिया है।
यात्रियों का पर्यावरण का माहौल दिया जाएगा। वहां एक पीपल और एक आम के लगे पेड़ को भी कटने से बचा लिया गया है। इसका सौन्दर्यीकरण किया जाएगा। उसकी छंटाई, रंगाई कर लाइटिंग से प्राकृतिक सौंदर्य दिया जाएगा।
इसे लगाने के लिए आरकेएस कंस्ट्रक्शन द्वारा दो महीना पहले आर्डर दिया गया है। इसके लगने से ट्रेन से सफर करने वाली यात्रियों के गाड़ियों की चार्जिंग के साथ पर्किंग की भी सुविधा मिल जाएगी। फिलहाल चार गाड़ियों के लिए चार्जिंग प्वाइंट लगाने पर विचार चल रहा है। उसी हिसाब से मुजफ्फरपुर जंक्शन को डेवलप किया जा रहा है।

दरअसल में देश में जिस तेजी से इलेक्ट्रिक वाहनों का क्रेज बढ़ रहा, उसके साथ ही इनके लिए चार्जिंग स्टेशन भी चिंता का विषय है। इसमें मदद में भारतीय रेलवे अब आगे आया है और इसका मास्टर प्लान तैयार किया गया है।