छपराः लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण के लिए प्रचार का शोर आज थम जाएगा. इससे पहले सभी दलों के नेताओं ने चुनाव प्रचार में जोर लगा दिया है. सारण में भी 20 मई को मतदान होना है. प्रचार के आखिरी दिन छपरा में आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने NDA पर जमकर निशाना साधा और जनता से वादाखिलाफी का आरोप लगाया.
10 साल का हिसाब दे केंद्र सरकार’
तेजस्वी यादव ने पीएम मोदी और सारण के सांसद राजीव प्रताप रूडी पर जमकर निशाना साधा. तेजस्वी ने कहा कि बिहार की जनता NDA सरकार से पूछ रही है कि पिछले दस सालों में बिहार को क्या मिला. जबकि बिहार की जनता ने बिहार में NDA को प्रचंड बहुमत से जिताया था.
गरीब महिलाओं को देंगे एक लाख सालाना
तेजस्वी यादव ने कहा कि अगर हमारी सरकार आती है तो हम गरीब महिलाओं को सालाना एक लाख रुपये देंगे. इसके अलावा गैस सिलिंडर भी काफी सस्ता करेंगे और बिजली की दरों में कटौती करेंगे. साथ ही लोगों को 200 यूनिट बिजली फ्री देंगे.

हमारे पिता की कर्मभूमि रही है सारण
तेजस्वी यादव ने कहा कि सारण हमारे पिता की कर्मभूमि रही है और सारण से हमें काफी लगाव है.उन्होंने कहा कि राजनीतिक जीवन में किसी पर व्यक्तिगत हमला नहीं किया जाता है, भगवान उनको सद्बुद्धि दें. उन्होंने योगी आदित्यनाथ पर प्रहार करते हुए कहा कि राम सबके हैं.
20 मई को है सारण में वोटिंग
बिहार की हॉट लोकसभा सीटों में शामिल सारण लोकसभा सीट पर 20 मई को वोटिंग होगी. इस सीट पर बीजेपी के मौजूदा सांसद राजीव प्रताप रूडी और आरजेडी की रोहिणी आचार्या के बीच सीधी टक्कर है. रोहिणी आचार्या लालू प्रसाद की बेटी हैं.
