मुजफ्फरपुर में आज 19 जुलाई को रामदयालु सिंह महाविद्यालय के 76वें स्थापना दिवस पर समारोह का आयोजन किया गया। स्थापना दिवस के अवसर पर भव्य तैयारी की गई थी, जहां पूरा परिसर झिलमिल रोशनी से जगमगा उठा है। इस अवसर पर आज कॉलेज परिसर में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। बता दें कि यहां वर्तमान में लगभग तेरह हजार छात्र अध्ययन कर रहे हैं। इस कॉलेज की शुरुआत करने वालों में महंत दर्शन दास, महेश बाबू, त्रिवेणी बाबू, ललितेश्वर प्रसाद शाही, श्री नारायण महंथा, जय मंगल शर्मा आदि का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

इसके पहले प्राचार्य हक्कू साहब कश्मीर से थे। कॉलेज के वरिष्ठ शिक्षक ठाकुर प्रसाद सिंह बिहार के शिक्षा मंत्री भी रहे। वहीं महाकवि जानकी वल्लभ शास्त्री, सुरेंद्रनाथ दीक्षित, जीडी कटिहार, प्रो उदय बाबू, डॉ प्रभाकर सिन्हा जैसे महान शिक्षकों ने यहां के ऐतिहासिक विरासत को समृद्ध बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

प्राचार्य डॉ अनिता सिंह ने बताया कि यहां से पढ़ाई करने वाले छात्र देश के हर कोने में बड़े पदों को सुशोभित कर रहे हैं। कॉलेज का भवन आज भी अपने अतीत से संवाद कर रहा है और अपनी समृद्धि विरासत की दास्तां बयां कर रहा है। प्राचार्य ने बताया कि 76वें स्थापना दिवस समारोह की तैयारी पूरी कर ली गई है। कॉलेज के शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्रों का इसमें पूरा सहयोग रहा है।


इस कार्यक्रम में बीआर अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो दिनेश चंद्र राय, राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा संस्थान के उपाध्यक्ष डॉ कामेश्वर झा, विधान पार्षद डॉ संजय कुमार सिंह, कुलसचिव डॉ अपराजिता कृष्णा, भाजपा जिला अध्यक्ष रंजन कुमार, विश्वविद्यालय पदाधिकारीगण, पूर्व प्राचार्य, सेवानिवृत शिक्षक गण, सामाजिक कार्यकर्ता, साहित्यकार , पूर्ववर्ती छात्र आदि इस समारोह के गवाह बनेंगे।





