प्रधानमंत्री के झंडोत्तोलन कार्यक्रम में शामिल होने रवाना हुई महिषी की बेटी

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देश की राजधानी दिल्ली के लाल किला पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए जाने वाले झंडोत्तोलन कार्यक्रम में महिषी की बेटी आचार्य की छात्रा अपर्णा प्रियंबदा (22) शामिल होगी। सोमवार की सुबह वह सहरसा से पटना के लिए रवाना हुई।

पटना में तेजस से वह दिल्ली के लिए रवाना होगी, जिसके बाद 15 अगस्त को कार्यक्रम समाप्ति के बाद वह वापस पटना के लिए प्रस्थान करेगी। जानकारी के मुताबिक, प्रखंड क्षेत्र की यह पहली लड़की होगी जिसे इस राष्ट्रीय महापर्व में शामिल होने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है।

इस संबंध में अपर्णा ने बताया कि इस वर्ष राष्ट्रीय सेवा योजना (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) द्वारा कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय दरभंगा की ओर से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लाल किले पर होने वाले झंडोत्तोलन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए एक छात्र और एक छात्रा का चयन किया गया है।

इनमें कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर इकाई से नव्य व्याकरण विषय की छात्रा अपर्णा प्रियंबदा और दरभंगा जिले के संस्कृत महाविद्यालय पचाढ़ी के छात्र बमबम कुमार झा का नाम शामिल है। अपर्णा ने बताया कि महिषी संस्कृत कॉलेज से शास्त्री करने के बाद विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर विभाग से आचार्य की पढ़ाई कर रही हैं।

महिषी निवासी प्रदीप चौधरी और नूतन चौधरी की बेटी अपर्णा ने बताया कि लाल किले पर झंडोत्तोलन कार्यक्रम में शामिल होना हमारे लिए गर्व की बात है। इसमें शामिल होने की खबर से काफी रोमांचित महसूस कर रही हूं।

इस खबर से मेरे परिवार के सदस्य बहन ईहा, स्नेहा, इति और भाई मानस, मनीष सहित गांव के लोगों में खुशी का माहौल व्याप्त है। वहीं, लोगों ने कहा कि महिषी हमेशा से सांस्कृतिक और धार्मिक स्थल के रूप में विश्वविख्यात है।

मां तारा और भारती मंडन की भूमि जहां तोता भी संस्कृत बोलता था, की धरती है। अपर्णा के राष्ट्रीय झंडोत्तोलन कार्यक्रम में शामिल होने पर गांव में हर्ष का माहौल है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading