रोहतास: बिहार के रोहतास में उत्पाद विभाग के टीम की कार्रवाई पर सवाल खड़े हो रहे हैं. मामला जिले के डेहरी इलाके से आया है, जहां बारह पत्थर में अवैध शराब की सूचना पर छापेमारी करने पहुंची टीम एक घर में घुस गई. आरोप है कि तलाशी के नाम पर अलमारी के ताले तक तोड़ दिया गया और महिलाओं से बदसलूकी की गई.

मुख्य पार्षद व RJD नेता के आवास पर छापा
दअरसल डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद के मुख्य पार्षद शशि कुमारी के आवास पर उत्पाद विभाग की टीम ने छापामारी की है, लेकिन आवास से कुछ भी बरामद नहीं हुआ. बताया जाता है कि किसी ने उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना दी कि डेहरी के नगर परिषद की मुख्य पार्षद शशि कुमारी के आवास पर शराब है और शराब से जुड़ा कारोबार चल रहा है.
अवैध शराब की सूचना पर पहुंची थी पुलिस
शिकायत पर उत्पाद विभाग की टीम अचानक मुख्य पार्षद के बारह पत्थर वार्ड नंबर- 35 स्थित आवास पर पहुंची और घर में घुसकर छानबीन शुरू कर दी. इस दौरान घर में महिलाओं ने इसका विरोध करना शुरू किया, तो महिलाओं ने दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है.

गुप्त सूचना पर कार्रवाई
घर पर पुलिस आने की जानकारी मिलने पर डेहरी की मुख्य पार्षद शशि कुमारी के जेठ गुड्डू चंद्रवंशी इस सूचना पर घर पहुंचे. उन्होंने छापामारी टीम से सर्च वारंट मांगा, लेकिन बताया गया कि गुप्त सूचना पर यह कार्रवाई की जा रही है.
घर से नहीं मिली शराब
पुलिस की छापामारी में घर से शराब की बरामदगी नहीं हुई. घर के अलमीरा, बक्सा, सूटकेस आदि सभी खोलकर सर्च किया गया. वहीं डेहरी के महिला मुख्य पार्षद के आवास पर एक्साइज विभाग की छापामारी की सूचना मिलते ही मोहल्ले में भारी भीड़ इकट्ठा हो गई.

वार्ड नं 8 की जगह 35 में पहुंची टीम
वहीं छापामारी करने आए उत्पाद विभाग की टीम के अधिकारी ने बताया कि टोल फ्री नंबर पर गुप्त सूचना दी गई थी. इसी सूचना पर वे लोग यहां पहुंचे हैं. उत्पाद विभाग की टीम पूरे लाव लश्कर के साथ बारह पत्थर वार्ड नंबर 35 में पहुंची जबकि जिस गोपनीय आदेश का हवाला दे रही थी, उस पर वार्ड नं 8 अंकित है.
दरवाजा खोलते ही घर में घुसी पुलिस
वार्ड नं 35 में यह घर आरजेडी नेता व नगर परिषद के सभापति शशि कुमारी का है. घर वालों के मुताबिक अचानक पुलिस दरवाजे पर पहुंची और दरवाजा खुलवाने लगी. इसी बीच मुख्य पार्षद प्रतिनिधि गुड्डू चंद्रवंशी के बेटे ने घर का दरवाजा खोला.

महिलाओं के साथ बदसलूकी करने का आरोप
दरवाजा खोलते ही तड़ातड़ उत्पाद विभाग की टीम घर में घुस गई. घर के लोग कुछ समझ ही पाते कि तब तक जबरन घर के अलमारी के ताले को तोड़कर तलाशी ली जाने लगी. घर की महिलाओं ने आरोप लगाया कि टीम ने उनसे बदसलूकी तक की और जबरन उनके हाथ पकड़े.
लोगों में गहरी नाराजगी
इधर घर में घुस पुलिस ने घंटे छापेमारी की लेकिन कहीं से भी अवैध शराब नहीं मिली. इसके बाद मोहल्ले के साथ-साथ परिवार वालों का भी गुस्सा सातवें आसमान पर चढ़ गया. मुख्य पार्षद प्रतिनिधि गुड्डू चंद्रवंशी ने बताया कि यह सिर्फ और सिर्फ बदनाम करने की साजिश है.
