बिहार बोर्ड कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं सफलतापूर्वक पूरी हो चुकी हैं। बिहार स्कूल एग्जामिनेशन बोर्ड (BSEB) ने इंटर की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन गुरुवार, 27 फरवरी 2025 से शुरू कर दिया है।

12वीं कक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं की जांच के लिए राज्यभर में 100 से अधिक मूल्यांकन केंद्र तैयार किए गए हैं। ऐसे में, 10वीं और 12वीं के छात्र अपने परिणाम की तारीख का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

मूल्यांकन के लिए दिशा-निर्देश जारी
बोर्ड ने बताया कि मूल्यांकन का कार्य एक ही पाली में सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक किया जाएगा। दिशा-निर्देशों के अनुसार मूल्यांकन में लगे सह परीक्षक, प्रधान परीक्षक, एमपीपी, कंप्यूटर के जानकार शिक्षक, कर्मी/सुपरवाइजर को 8 बजे तक मूल्यांकन केंद्र में प्रवेश करना होगा।

बोर्ड ने उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की सीमा भी तय की है। प्रतिदिन प्रत्येक सह परीक्षक को न्यूनतम 45 और अधिकतम 55 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन करना होगा। बोर्ड ने चेतावनी दी है कि मूल्यांकन में किसी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इंटर और मैट्रिक परीक्षा का शेड्यूल
इस साल इंटरमीडिएट की परीक्षा 1 से 15 फरवरी तक आयोजित की गई थी, जबकि मैट्रिक की परीक्षा 17 फरवरी से शुरू होकर 25 फरवरी को समाप्त हुई।

बिहार बोर्ड इस साल भी अपनी परंपरा को बनाए रखते हुए सबसे पहले नतीजे जारी करने की तैयारी में है। बिहार मैट्रिक और इंटर के परिणाम बीएसईबी की आधिकारिक वेबसाइट biharboardonline.bihar.gov.in पर जारी किए जाएंगे।
