पटना: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर राष्ट्रीय जनता दल की ओर से ‘माई बहिन महासम्मेलन’ का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव समेत महिला प्रकोष्ठ की तमाम नेता मौजूद रहें. इस दौरान नेता प्रतिपक्ष ने बड़ा ऐलान किया.
![]()

उन्होंने ‘माई-बहिन मान योजना’ के बाद ‘बेटी’ स्कीम की घोषणा करते हुए कहा कि बेटियों के जन्म के बाद पढ़ाई-लिखाई से लेकर नौकरी और रोजगार तक की व्यवस्था की जिम्मेदारी सरकार की होगी.

तेजस्वी ने की BETI योजना की घोषणा: तेजस्वी यादव ने कहा कि महागठबंधन की सरकार बनते ही बिहार में बेटी (BETI) योजना की शुरुआत करेंगे. तेजस्वी यादव ने बेटी का अर्थ समझाते हुए कहा कि B फॉर बेनिफिट, E फॉर एजुकेशन, T फॉर ट्रेनिंग और I फॉर इनकम. उन्होंने कहा कि बेटी प्रोग्राम के तहत यह सुनिश्चित किया जाएगा कि लड़की के जन्म के साथ ही उसके स्वास्थ्य की देखभाल, शिक्षा के लिए हर तरह की सुविधा और बेटी के प्रशिक्षण पर भी उनकी सरकार उसके रुचि के अनुसार ट्रेनिंग देगी. इसके बाद पढ़ाई-लिखाई के बाद बेटी को अपने इनकम को लेकर उसे खड़ा करने का काम करेंगे, जिससे उसका भविष्य सुरक्षित हो सके.

महिलाओं की खुशहाली हमारा लक्ष्य: नेता प्रतिपक्ष ने महिला दिवस के अवसर पर आयोजित ‘माई बहिन महासम्मेलन’ को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाओं को खुशहाल बनाने के लिए वह अपना सारा जीवन समर्पित करने को तैयार हैं. इस सृष्टि में जो सबसे पूजनीय है, वो मां और नारी हैं. उन्होंने कहा कि पूरे जीवन में आप सभी लोगों का कर्ज उतार सकते हैं लेकिन सात जन्मों में भी मां का ऋण नहीं उतारा जा सकता है.

झारखंड में वादा पूरा, अब बिहार की बारी: तेजस्वी यादव ने कहा कि झारखंड में हमारी सरकार बनी तो एक महीने के अंदर मंईयां सम्मान योजना की शुरुआत हो गई. जब झारखंड में महिलाओं को योजना की राशि मिल रही है तो बिहार की महिलाओं को भी मिलना चाहिए. इसीलिए उन्होंने बिहार की महिलाओं को ‘माई-बहिन मान योजना’ के तहत 2500 देने का निर्णय लिया है. साल में 30000 रुपये महिलाओं को मिलेंगे. वृद्धावस्था पेंशन 400 से बढ़कर 1500 करने का फैसला किया है. गैस सिलेंडर 500 में देने का फैसला किया है. जीविका दीदी और रसोईया बहनों के मानदेय बढ़ाने का भी हमने फैसला लिया है.

नीतीश पर साधा निशाना: पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने बिहार की डबल इंजन की सरकार में अपराध बढ़ने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के शासनकाल में महिलाओं पर अत्याचार बढ़ा है. वहीं, मां राबड़ी देवी पर सीएम के बयान की निंदा करते हुए उन्होंने कहा कि मेरी मां पर मुख्यमंत्री अशोभनीय टिप्पणी करते हैं. हमारी मां उनसे उम्र में बड़ी हैं. बिहार की पहली मुख्यमंत्री रह चुकी है. जब उनको हमारे पास आना होता है तो मेरी मां को भाभी कह कर पुकारते हैं और अभी अशोभनीय बात बोल रहे हैं.