मुजफ्फरपुर। शहर के गौशाला स्थित बड़ी ईदगाह में ईद की नमाज को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। नगर निगम द्वारा ईदगाह की अंतिम सफाई कराई गई, साथ ही पानी के छिड़काव (वाटर फॉगिंग) की व्यवस्था भी की गई है।

नगर निगम और प्रशासन ने किया निरीक्षण


महापौर निर्मला साहू ने ईदगाह का निरीक्षण किया और कहा कि ईद से पहले सारी सफाई का काम पूरा कर लिया गया है। इसके अलावा, ईदगाह के आसपास भी सफाई और जल छिड़काव का विशेष ध्यान रखा गया है।

नगर विधायक विजेंद्र चौधरी भी निरीक्षण के लिए पहुंचे। उन्होंने बताया कि हर साल की तरह इस साल भी नगर निगम द्वारा सफाई का विशेष इंतजाम किया गया है ताकि नमाज अदा करने आने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।

सुबह 8:00 बजे होगी ईद की नमाज
ईदगाह कमेटी के सदस्य और पूर्व वार्ड पार्षद इकबाल कुरैशी ने बताया कि सुबह 8:00 बजे मदरसा जामिया उल उलूम के इमाम साहब नमाज पढ़ाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि करीब 10 से 15 हजार नमाजी ईदगाह में नमाज अदा करेंगे, इसलिए भीड़ को देखते हुए सभी नमाजियों से समय से पहले पहुंचने और इमाम साहब का बयान सुनने की अपील की गई है।

व्यवस्था में जुटा प्रशासन
शहर के विभिन्न इलाकों में भी ईद की तैयारियां जोरों पर हैं। प्रशासन और पुलिस द्वारा यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष प्लान तैयार किया गया है।




