बिहार : बिहार में शराबबंदी कानून को ठेंगा दिखाते हुए कटिहार के समेली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) से एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है। यहाँ के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विनय कुमार सिंह को शराब के नशे में धुत और अर्धनग्न हालत में पाया गया है। आरोप है कि डॉक्टर साहब न केवल नशे में चूर थे, बल्कि ड्यूटी के दौरान मरीजों और स्थानीय लोगों के साथ अश्लील हरकतें भी कर रहे थे। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

घटना बुधवार की है, जब ललित कुमार नाम के एक स्थानीय व्यक्ति अपने कागज पर हस्ताक्षर कराने डॉक्टर के पास पहुंचे थे। ललित का आरोप है कि डॉ. विनय कुमार सिंह ने पहले काम के बदले पैसों की मांग की और उस वक्त वे पूरी तरह नशे में डूबे हुए थे।

देखते ही देखते डॉक्टर साहब अपनी गरिमा भूल गए और अर्धनग्न होकर अभद्र व्यवहार करने लगे। स्थानीय ग्रामीण पुलकित यादव ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि अस्पताल इलाज की जगह है, लेकिन यहाँ जिम्मेदार अधिकारी ही ऐसी घिनौनी हरकत कर रहे हैं, जो पूरी व्यवस्था पर कलंक है।

पद से हटाए गए डॉक्टर, एसपी के निर्देश पर हुई गिरफ्तारी
मामला तूल पकड़ते ही सिविल सर्जन डॉ. जितेंद्र नाथ सिंह ने त्वरित कार्रवाई की है। डॉ. विनय कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के पद से हटा दिया गया है। उनकी जगह डॉ. कृष्ण कुमार को समेली सीएचसी का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है। सिविल सर्जन ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य विभाग में इस तरह की अनुशासनहीनता और लापरवाही के लिए कोई जगह नहीं है और आरोपी के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
