बिहार में फिर बदला मौसम का मिजाज: आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट, 12 जिलों के लिए चेतावनी

बिहार में अगले 24 घंटे के भीतर मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने बुधवार, 7 अप्रैल को राज्यभर में आंधी, बारिश, मेघगर्जन, बिजली और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। खासकर उत्तर बिहार में मौसम का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है।

मौसम विभाग ने मुजफ्फरपुर, मोतिहारी, दरभंगा, पूर्णिया समेत राज्य के 12 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि पटना, भागलपुर और गया सहित अन्य जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है। कोसी और सीमांचल क्षेत्र में कहीं-कहीं भारी बारिश की भी आशंका जताई गई है।

मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार, तेज आंधी और मेघगर्जन से जनजीवन प्रभावित हो सकता है। इस दौरान हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। साथ ही कई इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा और कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

उत्तर बिहार, कोसी और सीमांचल के जिन जिलों के लिए विशेष चेतावनी जारी की गई है, उनमें पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, अररिया, पूर्णिया और किशनगंज शामिल हैं। इन इलाकों में आंधी-बारिश के साथ ओलावृष्टि की भी संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने और किसानों को खराब मौसम के दौरान खेतों में काम न करने की सलाह दी है।

पिछले 24 घंटों में पश्चिम चंपारण, मधुबनी, औरंगाबाद और जमुई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी और उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश में सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण और 11 अप्रैल से संभावित पश्चिमी विक्षोभ के कारण अगले एक सप्ताह तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। तापमान की बात करें तो अगले 2-3 दिनों में रात के तापमान में खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन दिन का तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। इसके बाद फिर 4 डिग्री तक गिरावट आने की संभावना है।

 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading