आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे बिहार के थाने, बदलेगी पुलिसिंग की तस्वीर,थानों में आएगा बड़ा बदलाव,पढ़िए क्या-क्या होगा नया

मुजफ्फरपुर: पुलिस व्यवस्था को दुरुस्त करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है। दशकों पुराने जर्जर भवनों में चल रहे कई थानों को अब जल्द ही नए और आधुनिक सुविधाओं से लैस चमचमाते भवन मिलने वाले हैं। इसी कड़ी में मुजफ्फरपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा ने मोतीपुर थाना के नवनिर्मित भवन का निरीक्षण कर अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए।

दरअसल, जिले के कई थाने लंबे समय से खस्ताहाल इमारतों में संचालित हो रहे थे, जिससे पुलिसकर्मियों को काम करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। इन जर्जर भवनों में न तो पर्याप्त जगह थी और न ही आधुनिक तकनीकी सुविधाएं। लेकिन अब हालात बदलने वाले हैं क्योंकि प्रशासन ने इन थानों को पूरी तरह अपग्रेड करने की ठान ली है।

सूत्रों के मुताबिक, कई थानों को पहले ही नए भवन की सौगात मिल चुकी है, जबकि कई जगहों पर निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। कुछ थानों का निर्माण कार्य तेजी से जारी है और आने वाले दिनों में उन्हें भी आधुनिक भवन मिल जाएगा। इन नए भवनों में डिजिटल सिस्टम, बेहतर सुरक्षा इंतजाम और पुलिसिंग को आसान बनाने वाली तमाम सुविधाएं मौजूद होंगी।

निरीक्षण के दौरान SSP ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्माण कार्य को जल्द से जल्द पूरा किया जाए, ताकि थानों को समय पर शिफ्ट किया जा सके। उन्होंने कहा कि पुलिसिंग को प्रभावी बनाने के लिए बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर बेहद जरूरी है।इसके अलावा, जिले में कई ऐसे थाना क्षेत्र हैं जिनका दायरा काफी बड़ा है, जिससे कानून-व्यवस्था बनाए रखना चुनौतीपूर्ण हो जाता है। इसे ध्यान में रखते हुए नए T.O.P के निर्माण का प्रस्ताव भी भेजा गया है, ताकि पुलिस की पहुंच हर इलाके तक मजबूत हो सके।

SSP का कहना है कि जिन थानों की सबसे बड़ी समस्या जर्जर भवन थी, वह अब जल्द खत्म हो जाएगी। नए भवनों के साथ पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा और आम जनता को भी सुविधाजनक पुलिस सेवाएं मिल सकेंगी। मुजफ्फरपुर में पुलिस व्यवस्था का यह नया रूप न सिर्फ सुरक्षा को मजबूत करेगा, बल्कि जनता और पुलिस के बीच भरोसे को भी नई मजबूती देगा।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading