CM बनते ही एक्शन में सम्राट चौधरी, अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश- ‘काम लटकाएं नहीं, रफ्तार बढ़ाएं’

पटना : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज नये मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद ही एक्शन में दिखने लगे हैं. सम्राट चौधरी ने मुख्य सचिवालय में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की और कहा कि आप सभी पूरी निष्ठा और लगन से काम करते रहे हैं. आप लोगों के साथ मुझे पहले से ही काम करने का अनुभव है. राज्य सरकार के मंत्री के रूप कई विभागों में काम करने के दौरान मेरा आप सभी से सम्पर्क रहा है.

‘कार्यों को लटकाने की प्रवृत्ति न हो’

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने जो योजनायें बनायी हैं, उसपर काम किया जा रहा है. उसका ससमय निष्पादन करना महत्वपूर्ण है. कार्यों को लटकाने की प्रवृत्ति मुख्यालय स्तर से लेकर नीचे तक कहीं भी नहीं होनी चाहिये. सिर्फ फाइल बढ़ाने और पत्र लिखने की प्रवृत्ति नहीं होनी चाहिये. जनता की समस्याओं का समाधान तेजी से हो, यह हमलोगों की प्रवृत्ति होनी चाहिये. किसी भी विभाग में जनता से जुड़ी कोई समस्या आती है तो उसपर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें.

नीतीश के काम को आगे बढ़ाना

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं नीतीश कुमार के नेतृत्व में हमलोगों ने काम किया है. नीतीश कुमार जी ने जो काम किया है, उससे बिहार का बहुत विकास हुआ है, सभी लोग उससे अवगत हैं. उन्होंने सात निश्चय-1 और सात निश्चय-2 के तहत कई योजनाओं को पूर्ण कर राज्य के विकास को गति दिया है. प्रगति यात्रा के दौरान घोषित 430 योजनाओं पर भी काम तेजी से हो रहा है.

2025 में सात निश्चय-3 राज्य में लागू किया गया है, उस पर तेजी से काम करना है. प्रगति यात्रा और समृद्धि यात्रा के दौरान नीतीश कुमार जी के साथ मुझे सभी जगह जाने का अवसर मिला, उस दौरान जमीनी स्तर पर समस्याओं को नजदीक से देखा. उन सभी चीजों को ध्यान में रखते हुये हम सभी को बिहार को विकसित राज्य बनाने के लिये एकजुट होकर पूरी निष्ठा, अनुशासन और मेहनत के साथ काम करना होगा. सभी विभाग अपने-अपने कार्यों की प्रगति एवं अद्यतन स्थिति की रूप-रेखा तैयार करें, उसकी विस्तृत समीक्षा की जायेगी.

इन अफसरों को दिए निर्देश

बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, अपर मुख्य सचिव/प्रधान सचिव/सचिव, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी श्री गोपाल सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ० चन्द्रशेखर सिंह सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading