मुजफ्फरपुर: थाना क्षेत्र के वहदीनपुर गांव स्थित चौर में रविवार चार बजे युवक का शव मिला। मृतक योगी दास का 23 वर्षीय पुत्र श्यामजी कुमार था। वह शनिवार की शाम करीब 7.30 बजे से लापता था। युवक के शरीर पर कई जगह जख्म के निशान मिले हैं। युवक पारू में एक बाइक एजेंसी में मैकेनिक का काम करता था।

चौर में शव मिलने की जानकारी होते ही ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। श्यामजी की जेब से एक कागज मिला है, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है।सूचना पर पहुंचे थानेदार आशुतोष कुमार शुक्ला ने मामले की छानबीन की।

वहीं, एफएसएल और डॉग स्क्वायड ने घटनास्थल पर जांच पड़ताल की। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया।परिजनों ने पुलिस को बताया कि श्यामजी शनिवार देर शाम घर से गायब हुआ था। काफी खोजबीन की गई, लेकिन कोई अता-पता नहीं चला।

रविवार को पारू थाना में गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया। खोजबीन कर ही रहे थे कि चौर में शव मिलने की सूचना मिली। श्यामजी भाई में अकेला था। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।

राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मदन चौधरी ने परिजनों को ढांढस बंधाया। थानेदार ने बताया कि आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
