पटना: मुख्यमंत्री बनने के बाद सम्राट चौधरी आज अपनी कैबिनेट की दूसरी महत्वपूर्ण बैठक करेंगे. यह बैठक शाम 5:00 बजे मुख्य सचिवालय के कैबिनेट हॉल में आयोजित की गई है.

माना जा रहा है कि आज की बैठक में मुख्यमंत्री कई बड़े और जनहितकारी फैसले ले सकते हैं. बता दें कि 15 अप्रैल को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद सम्राट चौधरी ने पहली कैबिनेट बैठक 22 अप्रैल को की थी, जिसमें 22 एजेंडों पर मुहर लगाई गई थी.

पहली कैबिनेट में ऐतिहासिक फैसले
पिछली बैठक में सरकार ने बिहार के शहरीकरण की दिशा में 11 सैटेलाइट टाउनशिप बनाने का बड़ा निर्णय लिया था. इसके अलावा, 80 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए निबंधन की विशेष सुविधा और सोनपुर स्थित बाबा हरिहरनाथ मंदिर को काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की तर्ज पर विकसित करने के लिए 680 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई थी. साथ ही, 75 आईटीआई (ITI) संस्थानों के कायाकल्प और महिला पुलिसकर्मियों के लिए स्कूटी खरीदने की राशि को भी मंजूरी मिली थी.

सरकारी कर्मचारियों की नजर डीए बढ़ोतरी पर
सम्राट चौधरी की कैबिनेट में वर्तमान में उनके अलावा दो अन्य मंत्री विजय कुमार चौधरी और विजेंद्र प्रसाद यादव शामिल हैं. आज की बैठक इसलिए भी खास है क्योंकि केंद्र सरकार ने हाल ही में अपने कर्मचारियों के लिए 2 प्रतिशत महंगाई भत्ता की घोषणा की है. परंपरा के अनुसार, केंद्र के फैसले के बाद बिहार सरकार भी अपने कर्मचारियों के लिए डीए बढ़ाने का निर्णय लेती रही है. ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि मुख्यमंत्री आज की बैठक में इसको लेकर फैसला ले सकते हैं.

डेवलपमेंट के काम में तेजी
नयी सरकार बनने के बाद से बिहार में तेजी से डेवलपमेंट के क्षेत्र में काम हो रहे हैं. बिहार सरकार ने 11 सैटेलाइट टाउनशिप बनाने का निर्णय लिया है, इसमें पटना, दरभंगा, छपरा, सोनपुर, भागलपुर, मुजफ्फरपुर, गयाजी, पूर्णिया, सीतामढ़ी, मुंगेर और सहरसा जिला शामिल हैं. इन जिलों में टाउनशिप बनेगा.

