बिहार में विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और व्यक्तिगत मार्गदर्शन देने के लिए राज्य सरकार ने नई डिजिटल पहल शुरू की है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के 700 सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल विद्यालयों में 24×7, 1:1 इंटरैक्टिव प्लेटफॉर्म ‘बिहार विद्या साथी’ का शुभारंभ किया। सरकार के अनुसार, इस पहल से राज्य के 38 जिलों के करीब 3 लाख विद्यार्थियों को सीधा लाभ मिलेगा।
75 हजार शिक्षक देंगे व्यक्तिगत शैक्षणिक सहयोग
मुख्यमंत्री ने कहा कि करीब 75 हजार शिक्षक विद्यार्थियों को व्यक्तिगत शैक्षणिक सहयोग प्रदान करेंगे। कक्षा 9वीं और 10वीं के विद्यार्थियों के लिए सभी विषयों की पढ़ाई उपलब्ध होगी। वहीं, कक्षा 11वीं और 12वीं के विज्ञान वर्ग के विद्यार्थियों को लाइव ट्यूटर सपोर्ट के साथ बिहार बोर्ड, JEE और NEET की तैयारी के लिए डिजिटल अध्ययन सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी।

AI टूल्स से बेहतर होगी कॉन्सेप्ट लर्निंग
‘बिहार विद्या साथी’ में आधुनिक AI टूल्स का भी इस्तेमाल किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे विद्यार्थियों की कॉन्सेप्ट लर्निंग को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। साथ ही विद्यार्थियों को असीमित अध्ययन और अभ्यास की सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि फिलहाल यह व्यवस्था 700 सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल विद्यालयों से शुरू की जा रही है। आगे इसे राज्य के अन्य विद्यालयों तक भी विस्तारित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने छात्रों से अधिक से अधिक लाभ उठाने को कहा
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विद्यार्थियों से कहा कि यह एक अच्छी शुरुआत है और उन्हें इसका भरपूर लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी जिज्ञासाओं का समाधान करने और ज्ञान व कौशल के जरिए जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि विद्यार्थी जहां भी हों और जब भी पढ़ाई करें, उनके सवालों का जवाब और शिक्षक का सहयोग हमेशा उनके साथ रहे। मुख्यमंत्री ने सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वे इस प्लेटफॉर्म का उपयोग कर अपनी शैक्षणिक गुणवत्ता को मजबूत करेंगे और जीवन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।
छात्राओं ने किया ऐप का डेमो
कार्यक्रम के दौरान ‘बिहार विद्या साथी’ ऐप पर आधारित एक लघु फिल्म भी दिखाई गई। राजकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय, शास्त्रीनगर की छात्राओं जाहन्वी और जिया ने ऐप के इस्तेमाल का डेमो दिया। उन्होंने प्लेटफॉर्म से मिलने वाली सुविधाओं और इसके लाभों के बारे में जानकारी दी। छात्राओं ने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार भी जताया।

