पटना: छठ पूजा से पहले बिहार के प्रवासी मजदूरों और अन्य राज्यों में रहने वाले लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है. बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) जल्द ही बिहार और उत्तर प्रदेश के बीच 14 नए अंतरराज्यीय रूटों पर बस सेवा शुरू करने जा रहा है. इसके साथ ही पिछले करीब 10 वर्षों से संचालित 25 पुराने रूटों के समझौते को आगे बढ़ाने पर भी दोनों राज्यों के बीच सहमति बनी है. नई बस सेवाओं से यूपी के साथ-साथ दिल्ली, हरियाणा समेत दूसरे राज्यों तक बिहार के यात्रियों की आवाजाही आसान होने की उम्मीद है.

उच्चस्तरीय बैठक में फैसला
यह फैसला बिहार के परिवहन मंत्री दामोदर रावत और उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के बीच हुई उच्चस्तरीय बैठक में लिया गया है. उत्तर प्रदेश से लौटने के बाद मंगलवार को पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने बताया कि नए रूटों के संचालन से रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी. खासकर दिल्ली, नोएडा, लखनऊ और कानपुर से बिहार आने-जाने वाले यात्रियों को सरकारी बसों के जरिए सीधी, सुरक्षित और किफायती परिवहन सुविधा मिल सकेगी.

छठ पर नई बसें
परिवहन मंत्री ने बताया कि बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के लिए 150 नई बसें आने वाली हैं. इनमें से करीब 80 बसें पहुंच चुकी हैं. शेष 70 बसें भी जल्द आने की उम्मीद है. इन बसों का इस्तेमाल विशेष रूप से उन राज्यों में अंतरराज्यीय सेवा बढ़ाने में किया जाएगा, जहां बिहार के बड़ी संख्या में प्रवासी मजदूर रहते हैं. मंत्री के मुताबिक, छठ पूजा के समय इन नई बसों को दिल्ली, हरियाणा, पंजाब समेत ऐसे क्षेत्रों के लिए चलाने की तैयारी है, जहां बिहार के प्रवासी कामगारों की संख्या अधिक है. ये सभी एसी बसें हैं.

एमओयू पर होंगे हस्ताक्षर
बिहार और उत्तर प्रदेश के बीच 14 नए रूटों पर बस परिचालन शुरू करने के साथ ही 25 पुराने रूटों के संचालन समझौते को आगे बढ़ाने पर भी सहमति बनी है. निगम के अधिकारियों के अनुसार, नए रूटों को लेकर जल्द ही दोनों राज्यों के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए जाएंगे. इसके बाद दोनों राज्यों के अधिकारी रूट, परमिट और बस संचालन से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देंगे.

बस रूट इस प्रकार हैं
- अयोध्या↔सीतामढ़ी (पुनौरा धाम)
- वाराणसी और प्रयागराज ↔ सीतामढ़ी
- गया/बोधगया ↔ कुशीनगर
- वैशाली ↔ सारनाथ
- बिहार के विभिन्न शहर ↔ दिल्ली और हरियाणा (वाया यूपी)
- दिल्ली, नोएडा, लखनऊ और कानपुर ↔ बिहार
यूपी डिपो में सुविधाएं
परिवहन मंत्री ने कहा कि बिहार से उत्तर प्रदेश होते हुए दिल्ली और हरियाणा जाने वाली बसों को भी यूपी के बस डिपो में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर बातचीत हुई है. इससे लंबी दूरी की बस सेवाओं के संचालन में आने वाली व्यावहारिक परेशानियां कम होंगी. इसके साथ ही यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी. बैठक में केवल सामान्य यात्री परिवहन ही नहीं, बल्कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए धार्मिक और बौद्ध पर्यटन स्थलों को बस नेटवर्क से जोड़ने पर भी चर्चा हुई.
यात्रियों को सीधा लाभ
परिवहन मंत्री ने कहा कि बिहार और उत्तर प्रदेश के बीच बेहतर बस कनेक्टिविटी से प्रवासी मजदूरों, छात्रों और तीर्थयात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा. आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए इस पहल को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. नई अंतरराज्यीय बस सेवाओं के विस्तार से एक ओर जहां लोगों को घर लौटने के लिए अतिरिक्त विकल्प मिलेंगे, वहीं दूसरी ओर बिहार के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक पहुंच भी आसान हो जाएगी.