बिहार के 23 जिलों में बारिश का अलर्ट,पटना में उमस बढ़ाएगी बेचैनी

बिहार में मानसून की गतिविधियों के बीच मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलता नजर आ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक आज यानी शुक्रवार, 11 सितंबर को राज्य के 22 जिले के लिए बारिश का अलर्ट जारी  किया गया है।  ऐसे में लोगों को अगले कुछ दिनों तक उमस भरी गर्मी, तेज धूप और बादलों की आवाजाही से दो-चार होना पड़ सकता है।

हालांकि, स्थानीय मौसमीय परिस्थितियों के कारण कई इलाकों में छिटपुट बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है। आरा, अररिया, औरंगाबाद, बांका, बेगूसराय, भागलपुर, बक्सर, छपरा, दरभंगा, पूर्वी चंपारण, गया, हाजीपुर, जमुई, कटिहार, खगड़िया, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, पटना, पूर्णिया, समस्तीपुर, सासाराम, सीतामढ़ी और सुपौल समेत कई जिलों में आंधी-तूफान के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। कुछ जगहों पर हवा की रफ्तार 40 से 45 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार उत्तरी बंगाल की खाड़ी और आसपास के इलाके में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण करीब 9.4 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला है। साथ ही उत्तरी हरियाणा से उत्तर प्रदेश और झारखंड होते हुए उत्तरी बंगाल की खाड़ी तक ट्रफ बना हुआ है।

इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बादल और हल्की बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं, लेकिन सिस्टम इतना मजबूत नहीं है कि फिलहाल पूरे बिहार में व्यापक भारी बारिश करा सके। यानी आने वाले दिनों में धूप, उमस और छिटपुट बारिश का मिला-जुला असर देखने को मिलेगा।

पिछले 24 घंटे में छपरा, सासाराम और जमुई में बारिश दर्ज की गई। राजधानी पटना में भी बादलों की आवाजाही के बीच बारिश से उमस से कुछ राहत मिली और सुबह का मौसम सुहाना रहा। हालांकि दिन चढ़ने के साथ तेज धूप और उमस परेशान कर सकती है। दोपहर बाद स्थानीय स्तर पर बादल बनने और कहीं-कहीं हल्की बारिश के आसार हैं। आकाशीय बिजली को लेकर भी सतर्क रहने की जरूरत है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading