मुजफ्फरपुर: तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में माड़ीपुर स्थित होटल श्री इंटरनेशनल में राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने एनडीए समर्थित प्रत्याशी अभिषेक झा के समर्थन में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने स्नातक मतदाताओं से जाति और धर्म के दायरे से ऊपर उठकर योग्य उम्मीदवार का चयन करने तथा अभिषेक झा को प्रथम वरीयता का मत देने की अपील की।


उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि विधान परिषद का चुनाव अपनी विशिष्ट महत्ता रखता है। इस चुनाव में स्नातक मतदाताओं की समस्याओं और उनके हितों का प्रतिनिधित्व करने वाले उम्मीदवार का चयन आवश्यक है। उन्होंने कहा कि अभिषेक झा ने स्नातकों की समस्याओं के समाधान की दिशा में निरंतर कार्य किया है। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि आवश्यकता पड़ने पर वह व्यक्तिगत स्तर पर भी सहयोग के लिए तत्पर रहेंगे। कुशवाहा ने कहा कि अभिषेक झा की जीत से एनडीए के सभी घटक दलों को मजबूती मिलेगी।


इस अवसर पर मुजफ्फरपुर के जिला प्रभारी एवं मीनापुर विधायक अजय कुमार ने कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेदों को दरकिनार कर एकजुटता के साथ चुनावी अभियान में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से अभिषेक झा तथा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से नरेंद्र कुमार की जीत सुनिश्चित करने के लिए सामूहिक प्रयास करने की अपील की।


वहीं, सीतामढ़ी के पूर्व सांसद रामकुमार शर्मा ने कहा कि पिछले चुनाव में अभिषेक झा के विरुद्ध भ्रामक प्रचार किया गया था। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इस बार पूरी एकजुटता के साथ काम करने और मतदाताओं तक अपनी बात पहुंचाने का आग्रह किया।


एनडीए समर्थित प्रत्याशी अभिषेक झा ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पिछली चुनावी पराजय के बावजूद उन्होंने 23 महीने तक स्नातकों और शिक्षकों की सेवा की। उन्होंने मतदाता सूची में मतदाताओं की संख्या बढ़ने पर प्रसन्नता जाहिर की। साथ ही तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले 28 विधानसभा क्षेत्रों के स्नातकों की समस्याओं को विधान परिषद में प्रमुखता से उठाने का भरोसा दिलाया।


संवाददाता सम्मेलन में अनुपम कुमार, अरुण पटेल, मदन चौधरी, रामेश्वर कुशवाहा, प्रो. शब्बीर अहमद, कुश मिश्रा, अभय रंजन उर्फ पिंकू, कुंदन शांडिल्य और भारतेंदु सिंह समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

