बैंक ऑफ बड़ौदा, क्षेत्रीय कार्यालय, मुजफ्फरपुर द्वारा साइबर जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन

मुजफ्फरपुर: बैंक ऑफ बड़ौदा, क्षेत्रीय कार्यालय, मुजफ्फरपुर द्वारा साइबर जागरूकता अभियान के अंतर्गत दिनांक 14 अक्टूबर 2026 को क्षेत्रीय कार्यालय के सभागार में “सुरक्षा का संकल्प, सुरक्षित भविष्य का विकल्प” विषय पर साइबर जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बैंक के स्टाफ सदस्यों एवं ग्राहकों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना, डिजिटल बैंकिंग के दौरान आवश्यक सावधानियों की जानकारी देना तथा सुरक्षित डिजिटल लेन-देन को प्रोत्साहित करना था।

कार्यक्रम में साइबर डीएसपी श्री हिमांशु कुमार ने मुख्य वक्ता के रूप में साइबर अपराधों के विभिन्न स्वरूपों, उनकी कार्यप्रणाली तथा उनसे बचाव के प्रभावी उपायों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने अपने अनुभवों के माध्यम से उपस्थित स्टाफ सदस्यों एवं ग्राहकों को साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जाने वाले नए-नए तरीकों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी।

उन्होंने बताया कि वर्तमान डिजिटल युग में ऑनलाइन बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, यूपीआई एवं अन्य डिजिटल भुगतान माध्यमों का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है। इसके साथ ही साइबर अपराधी भी लोगों को ठगी का शिकार बनाने के लिए फर्जी कॉल, एसएमएस, ई-मेल, संदिग्ध लिंक, फर्जी केवाईसी अपडेट, एटीएम एवं यूपीआई धोखाधड़ी तथा सोशल मीडिया के माध्यम से विभिन्न हथकंडे अपना रहे हैं। ऐसी परिस्थितियों में जागरूकता, सतर्कता एवं समय पर कार्रवाई ही साइबर अपराध से बचाव के सबसे प्रभावी उपाय हैं।

साइबर डीएसपी हिमांशु कुमार ने सभी प्रतिभागियों को सलाह दी कि वे अपना ओटीपी, एटीएम पिन, सीवीवी, इंटरनेट बैंकिंग पासवर्ड तथा अन्य गोपनीय बैंकिंग विवरण किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। उन्होंने अनजान लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध मोबाइल एप डाउनलोड करने तथा किसी अज्ञात व्यक्ति के कहने पर स्क्रीन शेयरिंग एप का उपयोग करने से बचने पर भी विशेष जोर दिया।

उन्होंने यह भी बताया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर वित्तीय धोखाधड़ी का शिकार हो जाता है, तो उसे बिना विलंब किए राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए तथा आधिकारिक पोर्टल http://www.cybercrime.gov.in का उपयोग करना चाहिए। इसके साथ ही संबंधित बैंक को तत्काल सूचित करना चाहिए, ताकि नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा सके। समय पर शिकायत करने से ठगी की राशि को रोकने या वापस प्राप्त करने की संभावना बढ़ सकती है।

इस अवसर पर राजीव कुमार, क्षेत्रीय प्रमुख, बैंक ऑफ बड़ौदा, मुजफ्फरपुर क्षेत्र ने साइबर सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ग्राहकों का विश्वास बैंकिंग व्यवस्था की सबसे महत्वपूर्ण पूंजी है। डिजिटल बैंकिंग सेवाओं के बढ़ते उपयोग के साथ ग्राहकों को सुरक्षित बैंकिंग प्रक्रियाओं के प्रति जागरूक करना भी आवश्यक है। उन्होंने बैंक के सभी स्टाफ सदस्यों से अपील की कि वे शाखाओं में आने वाले ग्राहकों को नियमित रूप से साइबर सुरक्षा संबंधी सावधानियों की जानकारी दें तथा डिजिटल लेन-देन के दौरान सतर्कता बरतने के लिए प्रेरित करें।

इस कार्यक्रम में क्षेत्रीय कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारीगण, संबंधित शाखा के स्टाफ सदस्य तथा बैंक के मौजूदा ग्राहक उपस्थित रहे। सभी की सक्रिय सहभागिता से कार्यक्रम सफल एवं प्रभावशाली रहा।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading