मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र में अहियापुर चौक के पास स्थित उच्च माध्यमिक विद्यालय शाहबाजपुर में हाईटेंशन तार के करंट से छात्राओं के झुलसने के मामले में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। घायल बच्चियों के समुचित इलाज और मुआवजे की मांग को लेकर परिजनों और सैकड़ों ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने विद्यालय के सामने अहियापुर मुख्य सड़क को जाम कर दिया, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन बाधित हो गया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम ने लोगों से बातचीत कर स्थिति संभाली।


प्रदर्शन कर रहे छात्राओं के परिजनों और ग्रामीणों ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि हादसे के बाद बच्चियों के हाथ-पैर झुलस गए थे, लेकिन स्कूल का गेट तुरंत नहीं खोला गया।


परिजनों ने गंभीर रूप से झुलसी छात्राओं के बेहतर इलाज के लिए सरकारी सहायता और मुआवजे की मांग की। साथ ही स्कूल के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन को तत्काल हटाने की मांग उठाई, ताकि भविष्य में ऐसी घटना न हो और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

डीपीओ ने जांच और कार्रवाई का दिया भरोसा
प्रदर्शन की सूचना मिलने पर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद स्कूल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया गया है। परिजनों से लिखित शिकायत ली जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने घायल बच्चियों के इलाज और भविष्य के लिए हरसंभव मदद का भरोसा भी दिया।
