मुजफ्फरपुर: पश्चिम बंगाल के संसदीय कार्य, शहरी विकास एवं नगर पालिका विभाग के मंत्री उमेश राय कल मुजफ्फरपुर दौरे पर पहुंचेंगे। उनका यह दौरा बेहद संवेदनशील और महत्वपूर्ण है, क्योंकि वे हाल ही में कोलकाता के एक दुर्गा पूजा पंडाल में हुई दर्दनाक भगदड़ की घटना के पीड़ितों के घर जाएंगे और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात करेंगे.

चोरबागान पंडाल भगदड़ में हुई थी मुजफ्फरपुर के दो लोगों की मौत
बीते दिनों नवरात्र के दौरान पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के चोरबागान स्थित दुर्गा पूजा पंडाल में भारी भीड़ के कारण भगदड़ मच गई थी. इस दुर्भाग्यपूर्ण हादसे में बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज थाना क्षेत्र के रहने वाले अभिषेक श्रीवास्तव और उनके 7 वर्षीय मासूम पुत्र अयाश की अकाल मौत हो गई थी, जिससे पूरे इलाके में मातम पसर गया था।

पीड़ित परिजनों को सहायता राशि का चेक सौंपेंगे मंत्री
कोलकाता प्रशासन और पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा इस हादसे पर गहरी संवेदना व्यक्त की गई है। इसी के तहत, बंगाल सरकार के मंत्री उमेश राय विशेष रूप से मुजफ्फरपुर पहुंचकर मृतक अभिषेक श्रीवास्तव और उनके पुत्र के शोकाकुल परिजनों से मिलेंगे। मुलाकात के दौरान वे पश्चिम बंगाल सरकार की ओर से सहायता राशि का चेक परिजनों को सौंपेंगे, ताकि इस मुश्किल घड़ी में पीड़ित परिवार को आर्थिक संबल मिल सके।


