पानी टंकी चौक स्थित पार्क में धूमधाम से मनाई गई लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती

मुजफ्फरपुर: देश की एकता और अखंडता के प्रतीक लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर पानी टंकी चौक स्थित पार्क में समारोहपूर्वक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और देश के प्रति उनके अतुलनीय योगदान को याद किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पटेल सेवा संघ के अध्यक्ष विनोद पटेल ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की एकता और अखंडता बनाए रखने के लिए जीवनभर संघर्ष किया। उन्होंने देश के विभाजन को रोकने के लिए भी काफी प्रयास किए थे।

यदि उस समय उनकी बातों को मान लिया गया होता तो शायद देश का विभाजन नहीं होता। आजादी के बाद देश के पहले गृह मंत्री के रूप में उन्होंने कानून-व्यवस्था संभालने के साथ-साथ विभिन्न रियासतों का भारत में विलय कर राष्ट्रीय एकीकरण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई।

वहीं, भाजपा नेता राकेश पटेल ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल अपने दृढ़ निश्चय और मजबूत फैसलों के लिए जाने जाते थे। उनकी बातों को लोग गंभीरता से लेते थे। यही वजह है कि उन्हें लौहपुरुष के नाम से जाना जाता है। उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया जाना भी गौरव का विषय है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर पुष्पमाला अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस मौके पर भाजपा नेता राकेश पटेल, शशि भूषण पटेल, राजेश पटेल, नवल किशोर सिंह, विजय मंडल,

राकेश कुमार पटेल (कनहौली), रामनारायन कुमार, राजू कुमार, अमित पटेल एवं अंकज कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे। सभी ने सरदार पटेल के योगदान को याद करते हुए देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का संदेश दिया।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.