मधुबनी: एएसआई की गोली से एक शख्स की मौत के बाद मधुबनी के बाबूबरही स्थित बलिराजगढ़ में तनाव का माहौल है. लोग पुलिस-प्रशासन के खिलाफ आक्रोशित हैं. इसी बीच मृतक के परिजनों से मिलने और सड़क जाम समाप्त कराने पहुंचे जिलाधिकारी आनंद शर्मा और एसपी योगेंद्र कुमार के साथ आक्रोशित लोगों ने दुर्व्यवहार किया.

महिला ने डीएम का कॉलर पकड़ा
मृतक के घर पर बातचीत के दौरान एक महिला ने डीएम का कॉलर पकड़ लिया. इसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. सुरक्षा गार्डों ने दोनों अधिकारियों को सुरक्षित बाहर निकाला. स्थिति को देखते हुए जिले से भारी संख्या में पुलिस बल और अधिकारी मौके पर पहुंचे.

परिजन से मिलने पहुंचे थे डीएम
शुरुआत में जिलाधिकारी ने प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण माहौल में बातचीत की. उन्होंने आरोपी एएसआई चंद्रमोहन सिंह के खिलाफ कार्रवाई और मृतक के परिजनों को उचित सरकारी सहायता देने का आश्वासन दिया. इसके बाद डीएम और एसपी मृतक अशोक यादव के घर पहुंचे थे. वहां वे मृतक अशोक यादव की पत्नी अस्मिता देवी से बात कर रहे थे. इसी दौरान अचानक एक महिला ने डीएम का कॉलर पकड़ लिया और उनके साथ दुर्व्यवहार किया. महिला हाथ में चप्पल भी ले रखी थी.

गार्ड ने डीएम-एसपी को निकाला
मौके की नजाकत को देखते हुए सुरक्षा गार्डों ने पहले महिला को हटाया, फिर डीएम और एसपी के सुरक्षा गार्डों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों अधिकारियों को सुरक्षित बाहर निकाला. इसके बाद एसडीएम चंदन कुमार झा अन्य अधिकारियों के साथ दोबारा बलिराजगढ़ पहुंचे.

500 से अधिक पुलिस जवान तैनात, आठ एसडीपीओ पहुंचे. डीएम आनंद शर्मा और एसपी योगेंद्र कुमार बीच सड़क पर नीचे में ही बैठ गए और लोगों से बातचीत करने लगे. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जिले के विभिन्न इलाकों से भारी संख्या में पुलिस बल बुलाया गया. जाम स्थल पर बिहार पुलिस और बीएमपी के 500 से अधिक जवान तैनात किए गए हैं. मधुबनी जिले के सभी सात एसडीपीओ के अलावा दरभंगा जिले के कमतौल अनुमंडल के एसडीपीओ भी मौके पर मौजूद हैं.
