पटना: बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) ने 71वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा की मुख्य (मेंस) परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है. इस परीक्षा में कुल 3,392 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है. अब इन अभ्यर्थियों को चयन प्रक्रिया के अगले चरण यानी इंटरव्यू में शामिल होने का मौका मिलेगा. 1,298 पदों पर होने वाली इस नियुक्ति के लिए मेंस परीक्षा में कुल 14,261 परीक्षार्थी शामिल हुए थे. इस तरह मेंस में शामिल अभ्यर्थियों में से करीब 23.76 प्रतिशत परीक्षार्थी अगले चरण के लिए सफल हुए हैं.

बीपीएससी 71वीं मेंस परीक्षा का रिजल्ट जारी
आयोग की ओर से जारी परिणाम के बाद अभ्यर्थियों के बीच इंटरव्यू की तैयारी शुरू हो गई है. बीपीएससी के अनुसार, सफल अभ्यर्थियों के इंटरव्यू की तिथि जल्द घोषित की जाएगी. इंटरव्यू के बाद ही अंतिम मेधा सूची तैयार होगी और इसी के आधार पर 1,298 पदों पर अभ्यर्थियों का अंतिम चयन किया जाएगा. ऐसे में मेंस में सफल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए अभी चयन की एक और महत्वपूर्ण परीक्षा बाकी है.

अब 1298 पदों के लिए इंटरव्यू
बीपीएससी 71वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा की प्रारंभिक परीक्षा 13 सितंबर 2025 को आयोजित की गई थी. इसके बाद 19 नवंबर 2025 को प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम जारी किया गया था. प्रारंभिक परीक्षा में कुल 14,261 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया था. इनमें 13,368 अभ्यर्थी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा और 893 अभ्यर्थी वित्तीय प्रशासनिक पदाधिकारी के लिए सफल हुए थे. सफल अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिला था.

3392 कैंडिडेट्स सफल
मुख्य परीक्षा का आयोजन 25 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 के बीच किया गया था. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 25 अप्रैल को सामान्य हिंदी और निबंध की परीक्षा हुई थी. इसके बाद 27 अप्रैल को सामान्य अध्ययन प्रथम, 28 अप्रैल को सामान्य अध्ययन द्वितीय, 29 अप्रैल को वैकल्पिक विषय की वस्तुनिष्ठ और 30 अप्रैल को वैकल्पिक विषय की वर्णनात्मक परीक्षा आयोजित की गई थी. इस परीक्षा में 14,261 अभ्यर्थी शामिल हुए थे, जिनमें से 3,392 ने सफलता हासिल की है.

वेबसाइट पर देख सकते हैं अपना रिजल्ट
मेंस परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी बीपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट http://www.bpsc.bihar.gov.in पर जाकर अपना परिणाम देख सकते हैं. इसके लिए वेबसाइट पर 71वीं संयुक्त प्रतियोगिता मुख्य परीक्षा के रिजल्ट से संबंधित अधिसूचना और चयन सूची देखनी होगी.

आयोग का कहना है कि जल्द ही इंटरव्यू के लिए कार्यक्रम जारी किया जाएगा. आयोग की ओर से इंटरव्यू का विस्तृत कार्यक्रम जारी होने के बाद सफल अभ्यर्थियों को आगे की प्रक्रिया की जानकारी मिल सकेगी. इंटरव्यू और अन्य निर्धारित प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद अंतिम परिणाम जारी किया जाएगा.