वैशाली जिले की बेटी खुशी कुमारी का बड़ा मुकाम, बिहार अंडर-23 T20 टीम में हुआ चयन

वैशाली: वैशाली जिले की बेटी खुशी कुमारी ने क्रिकेट की दुनिया में शानदार कामयाबी हासिल कर जिले का मान बढ़ाया है। बिदुपुर प्रखंड के मोहनपुर वार्ड संख्या-2 निवासी प्रकाश रंजन की 21 वर्षीय बेटी खुशी का चयन बिहार अंडर-23 टी-20 क्रिकेट टीम में हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार सहित पूरे इलाके में खुशी की लहर है। खास बात यह है कि बिहार की 16 सदस्यीय टीम में चयनित होने के साथ खुशी प्लेइंग इलेवन में भी जगह बनाने में कामयाब रही हैं। वैशाली जिले से चयनित होने वाली वह एकमात्र खिलाड़ी बताई जा रही हैं।

जानकारी के अनुसार, पटना के मोनू हॉल में बीसीसीआई के सीनियर सेलेक्टर की मौजूदगी में खिलाड़ियों का ट्रायल आयोजित किया गया था। इसी ट्रायल में अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर खुशी ने चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा और बिहार टीम में जगह पक्की कर ली। अब उनका अगला पड़ाव छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर है, जहां वह अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।

निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, 11 खिलाड़ी आज पटना से रायपुर के लिए रवाना होंगी। वहां 14 नवंबर को बिहार और केरल के बीच मुकाबला खेला जाएगा। यह प्रतियोगिता 22 नवंबर तक चलेगी। इस टूर्नामेंट में बिहार की टीम के सामने बेहतर प्रदर्शन करने की चुनौती होगी।

खुशी बाएं हाथ की बल्लेबाज हैं। अपनी सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए उन्होंने कहा कि यह उनके क्रिकेट करियर की महज शुरुआत है। उनका सबसे बड़ा सपना भारतीय महिला क्रिकेट टीम का हिस्सा बनकर देश के लिए खेलना है। उन्होंने भरोसा जताया कि कठिन मेहनत और लगन से वह अपने इस सपने को भी जल्द साकार करेंगी। खुशी ने अपनी कामयाबी का श्रेय परिवार के सहयोग और मार्गदर्शन को दिया।

उनके पिता प्रकाश रंजन स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2020 के लॉकडाउन के दौरान खुशी ने क्रिकेट में दिलचस्पी दिखानी शुरू की थी। बेटी की रुचि को देखते हुए परिवार ने उसका पूरा साथ दिया और पटना में क्रिकेट का प्रशिक्षण दिलवाया। खुशी रोजाना चार से पांच घंटे अभ्यास करती थीं। खुशी को पिछले तीन वर्षों से पटना के प्रशिक्षक विजय सर प्रशिक्षण दे रहे हैं। उनके भाई मुकुल कुमार ने भी हर कदम पर हौसला बढ़ाया। परिवार को उम्मीद है कि एक दिन खुशी भारतीय टीम की जर्सी पहनकर देश का प्रतिनिधित्व करेंगी। उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र के लोगों ने बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.