मोहम्मद इकबाल हुसैन की अनूठी पहल: जब घरों की छत बनी छठ घाट, व्रतियों की सहूलियत के लिए खुद संभाली जिम्मेदारी

मुजफ्फरपुर : जनसेवा का जज्बा, अवाम के प्रति जवाबदेही और हर तबके की सहूलियत का ख्याल रखने की सोच ही किसी जनप्रतिनिधि को जनता के करीब लाती है। वार्ड संख्या 40 में इन दिनों कुछ ऐसी ही तस्वीर देखने को मिल रही है, जहां छठ महापर्व के मद्देनजर वार्ड पार्षद मोहम्मद इकबाल हुसैन व्रतियों की सुविधाओं को लेकर पूरी संजीदगी के साथ जुटे हैं। उनकी कोशिश है कि आस्था के इस महापर्व में किसी भी परिवार को जगह, साफ-सफाई या व्यवस्था के अभाव में परेशानी का सामना न करना पड़े।

घनी आबादी और सीमित स्थान की वजह से वार्ड के कई परिवार अपने घरों की छतों पर छठ पूजा करते हैं। ऐसे परिवारों की परेशानियों को समझते हुए पार्षद ने एक अनूठी पहल की है। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से सूचना प्रसारित करने के साथ-साथ लोगों को फोन कर भी यह भरोसा दिलाया कि अगर किसी परिवार को छत पर कृत्रिम छठ घाट तैयार करवाना है तो उन्हें सिर्फ सूचना देने की जरूरत है। महज एक से दो घंटे के भीतर घाट तैयार कराने की व्यवस्था की जाएगी।

इतना ही नहीं, जिन घरों की छतों पर झाड़ियां, जंगल-झाड़ या गंदगी है, वहां भी अपने स्तर से मजदूरों और मानव बल की मदद से सफाई कराने की जिम्मेदारी उन्होंने उठाई है। पार्षद के मुताबिक, अब तक पांच से छह स्थानों पर छतों पर छठ पूजा की मुकम्मल व्यवस्था कराई जा चुकी है। घाटों की साफ-सफाई के साथ चूना और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव भी कराया जा रहा है, ताकि व्रतियों को स्वच्छ वातावरण मिल सके।

मोहम्मद इकबाल हुसैन की कार्यशैली की एक खास बात यह भी है कि उनका जुड़ाव केवल पर्व-त्योहारों तक सीमित नहीं है। वार्ड के सामाजिक, सांस्कृतिक और जनहित से जुड़े आयोजनों में उनकी सक्रिय भागीदारी रहती है। वार्डवासी भी विभिन्न सामाजिक गतिविधियों और आयोजनों में उनके साथ कदम से कदम मिलाकर हिस्सा लेते हैं।

जनता के बीच आपसी मेल-मिलाप, सहभागिता और सहयोग की यह भावना वार्ड की सामाजिक एकजुटता को दर्शाती है। लोगों के सुख-दुख में शरीक होना और जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आना उनकी जनसेवा की सोच का हिस्सा है।

वे कहते हैं कि छठ महापर्व केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि आस्था, त्याग, तपस्या और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। इस पर्व में माताएं-बहनें कठिन तपस्या कर अपने परिवार और समाज की खुशहाली की कामना करती हैं। ऐसे में उनकी सहूलियत का ख्याल रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। जनता ने उन्हें जो मोहब्बत, इज्जत और भरोसा दिया है, वह उनके लिए किसी बड़ी पूंजी से कम नहीं है। वे इस स्नेह और एहसान को जिंदगी भर नहीं भूलेंगे।

उन्होंने मुजफ्फरपुर सहित पूरे बिहार और देशवासियों को छठ महापर्व की दिली मुबारकबाद देते हुए छठी मैया से सभी के घरों में अमन, चैन, खुशहाली, तरक्की और बरकत की दुआ की। मोहम्मद इकबाल हुसैन का कहना है कि जनता की खिदमत किसी पद या ओहदे की मोहताज नहीं होती। असल मकसद लोगों के काम आना, उनकी परेशानियों को समझना और हर मुमकिन वक्त पर उनके साथ खड़ा रहना है।*

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.