आस्था के महापर्व को मिला नया ठिकाना, 60 लाख से संवरे कांटी के चार छठ घाट, विधायक अजीत कुमार ने किया उद्घाटन

मुजफ्फरपुर: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कांटी विधानसभा क्षेत्र में महत्वपूर्ण पहल की गई है। एनटीपीसी के सौजन्य से करीब 60 लाख रुपये की लागत से निर्मित चार छठ घाटों का शुक्रवार को कांटी विधायक सह पूर्व मंत्री ई. अजीत कुमार ने विधिवत उद्घाटन किया।

पानापुर करियात थाना क्षेत्र के छठ घाट पोखर, रानी पोखर, साइन पोखर और सिरसिया मठ छठ घाट का उद्घाटन होने से अब व्रतियों को भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करने और छठी मैया की आराधना करने में काफी सहूलियत मिलेगी।

घाटों के विकसित होने से स्थानीय श्रद्धालुओं में खुशी का माहौल है। इस अवसर पर विधायक अजीत कुमार ने कहा कि छठ केवल एक पर्व नहीं, बल्कि हमारी आस्था, संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकजुटता का जीवंत प्रतीक है।

इस महापर्व में स्वच्छता, पवित्रता और समर्पण के साथ पूरा समाज एक सूत्र में बंध जाता है। छठी मैया की कृपा से क्षेत्र में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनी रहे, यही कामना है। उन्होंने एनटीपीसी प्रबंधन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि सामाजिक दायित्व के तहत किए जा रहे ऐसे कार्यों का सीधा लाभ आम लोगों को मिलता है।

जनसुविधाओं के विस्तार के साथ धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों का विकास भी प्राथमिकता है। मौके पर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार, पैक्स अध्यक्ष राजेश कुमार, मुखिया ज्ञान कौशिक होरिल, मनोज कुमार सिंह, मो. जाबिर हुसैन, सुबोध पांडेय, नीरज ठाकुर, चुन्नू ठाकुर,

गोलू कुमार, सुमन सिंह, प्रभाकर शर्मा, मनोज साह, रामा भगत, अरविंद सिंह, निगम कुमार, चन्देश्वर सिंह, प्रिंस ठाकुर, रामसोगारथ सिंह, विजय पांडे, जेई चंद्रशेखर गुप्ता सहित कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और सैकड़ों स्थानीय श्रद्धालु उपस्थित थे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.