बिहार के मरीजों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं के लिहाज से एक अच्छी खबर है। अब सिर, मुंह और गर्दन के कैंसर से पीड़ित मरीजों को इलाज के लिए पटना या दूसरे बड़े शहरों का रुख करने की मजबूरी कम होगी। दरभंगा में ही उन्हें कैंसर के इलाज की विशेषज्ञ सुविधा मिलती रहेगी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में दरभंगा के गंगवारा स्थित अस्पताल में होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र के संचालन को मंजूरी दे दी गई है। इस फैसले से उत्तर बिहार के कैंसर मरीजों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

कैबिनेट के फैसले के मुताबिक, दरभंगा के गंगवारा में स्थित 100 बेड वाले अस्पताल भवन को दो हिस्सों में बांटकर संचालित किया जाएगा। भवन के दाहिने हिस्से में होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र, मुजफ्फरपुर के माध्यम से सिर, मुंह और गर्दन के कैंसर के इलाज की सुविधा जारी रहेगी। वहीं, अस्पताल के बाएं हिस्से में सदर अस्पताल का संचालन किया जाएगा। यानी एक ही भवन में कैंसर के मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा मिलेगी और आम मरीजों के लिए सदर अस्पताल की सेवाएं भी उपलब्ध रहेंगी।

इस व्यवस्था से दरभंगा और आसपास के जिलों के लोगों को काफी फायदा हो सकता है। खासकर मधुबनी, समस्तीपुर, सीतामढ़ी, सुपौल और सहरसा जैसे इलाकों के मरीजों को इलाज के लिए लंबी दूरी तय करने की परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है। कैंसर जैसी गंभीर बीमारी में समय पर जांच और विशेषज्ञ डॉक्टरों से इलाज बेहद महत्वपूर्ण होता है। ऐसे में दरभंगा में इस अस्पताल का संचालन जारी रहना स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए अहम माना जा रहा है।


