निशांत कुमार के साथ सुरक्षा कर्मियों के व्यवहार पर JDU ने जताई आपत्ति, कहा- ‘पुलिस मुख्यालय इसकी जांच करे’

पटना : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 21 नवंबर को वैशाली में सभा होने वाली है. इसको लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी 18 नवंबर को तैयारी का जायजा लेने राजापाकर गए थे. मुख्यमंत्री के साथ उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और वैशाली के प्रभारी मंत्री निशांत कुमार भी थे. जब मुख्यमंत्री मीडिया से बातचीत कर रहे थे, तब सुरक्षा कर्मियों ने निशांत कुमार को जाने से रोक दिया. जिसका वीडियो भी वायरल हुआ है. इस पर जेडीयू की तरफ से आपत्ति जताई गई है.

पुलिस मुख्यालय को जांच करनी चाहिए- JDU

जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि पूरे मामले में पुलिस मुख्यालय को जांच करनी चाहिए कि जानबूझकर किया गया है या अनजाने में हुई है. नीरज कुमार ने कहा कि जो भी वीडियो आया है वह दुखद और पीड़ा जनक है.

निशांत कुमार को कौन करेगा अपमानित?

नीरज कुमार ने कहा कि निशांत कुमार का कौन अपमानित कर सकता है. निशांत कुमार का व्यक्तित्व ऐसा है कि शालीनता, सहजता, सरलता और लोकप्रियता के पैमाने पर बहुत ऊपर हैं. बिहार में सम्राट चौधरी और निशांत कुमार की जोड़ी है. हालांकि जिन लोगों ने भी किया है वह सही नहीं था. आखिर प्रोटोकॉल का पालन क्यों नहीं किया गया? जानबूझकर किया गया या अनजाने में हुआ है यह तो पुलिस मुख्यालय ही देखेगा. यह जेडीयू का नहीं एनडीए का मामला है और जेडीयू के कार्यकर्ताओं के लिए तो निशांत कुमार सर्वमान्य नेता हैं.

निशांत को सरेआम जलील कर रही है बीजेपी- रोहिणी

दरअसल, आरजेडी से लेकर लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने भी इस वीडियो को लेकर तंज कसा. उन्होंने लिखा, ”क्यूं जलील होने को मजबूर हैं चाचा नीतीश कुमार और भाई निशांत कुमार? पहले नीतीश कुमार को जलालत के साथ किनारे किया और अब उनके बेटे निशांत को सरेआम जलील कर रही है बीजेपी. गजब की सहनशक्ति है चाचा जी की, लगता है अपने आत्म-सम्मान और स्वाभिमान को पूरी तरह से दफन कर चुके हैं और अब अपने बेटे को भी अपनी ही चाल में ढलने को मजबूर कर रहे हैं.”

तेजस्वी यादव को दिया जवाब

हालांकि, नीरज कुमार ने कहा कि किसी की ताकत नहीं कि नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार के साथ बदसलूकी करे. इसी दौरान उन्होंने तेजस्वी यादव पर हमला किया. कहा कि जब आपकी मां राबड़ी देवी प्रदेश की मुख्यमंत्री थी तब उन्होंने अपने मायके में सरकारी विद्यालय बनवा लिया और उसका रजिस्ट्रेशन भी करवा लिया. नीरज कुमार ने तेजस्वी यादव के ‘जीवित’ वाले बयान पर भी हमा किया. उन्होंने कहा कि जब पोखरण में परमाणु परीक्षण किया गया था तब लालू यादव ने संसद में कहा था कि इसका नाम अब्दुल कलाम के नाम पर रखा जाए, उस समय तो कलाम साहब जीवित थे. दरअसल तेजस्वी यादव ने ‘नीतीश सेतु’ के नामकरण को लेकर सवाल खड़े किए थे.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.