
MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : होली पर्व व लोकसभा चुनाव को देखते हुए शराबबंदी कानून को पूर्णरूपेण लागू करने हेतु जोनल आईजी नैय्यर हसनैन खान द्वारा दिए गए दिशा-निर्देश के आलोक में वरीय पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार के नेतृत्व में जिला पुलिस और उत्पाद विभाग की टीम बेहतर कार्य करते हुए आशातीत सफलताएं हासिल कर रही हैं. पिछले दो दिनों में जिलों के विभिन्न थाना क्षेत्रों से लगभग डेढ़ करोड़ रुपये मूल्य के देशी-विदेशी शराब, स्पिरिट, नकली शराब जप्त करते हुए कई कारोबारियों को भी जेल की सलाखों के पीछे पहुँचाने का कार्य किया है. इस दौरान पुलिस टीम ने कई अवैध शराब फक्ट्रियों को भी ध्वस्त किया है.

इस सम्बन्ध में बिहार पुलिस के मुखिया डीजीपी गुप्तेश्वर पाण्डेय ने मुजफ्फरपुर पुलिस टीम के मुस्तैदी की सराहना भी की है. उन्होंने पुलिस टीम को बधाई देते हुए कहा की जो भी शराब बेचते, शराब पीते, या जिस किसी की भी शराब के धंधे में संलिप्तता सहभागिता पायी जाती है, उनका नाम गुण्डा पंजी में दर्ज़ करते हुए उनके नाम से या परिवार में किसी के भी नाम से अगर हथियार की अनुज्ञप्ति हो तो अविलम्ब उसे रद्द कराये जाने की अनुशंसा करते हुए विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाये. उन्होंने कहा की युवा पीढ़ी और लोगों को बर्बादी से बचाने के लिए बिहार की सरकार ने प्रदेश में पूर्ण शराबबंदी लागू की है. खुद और परिवार के भविष्य के लिए नशे का त्याग कर प्रदेश और देश के विकास में भागीदार बने.

आपको बता दें की जिला पुलिस टीम और उत्पाद विभाग की टीम शराब और शराब कारोबारियों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है, इस क्रम में पिछले 24 घंटों के अंदर सोमवार की अहले सुबह 3 बजे सूचना के आधार पर गायघाट थानाध्यक्ष ने बेरुआ स्थित कुटिया जंगल के पास कच्ची सड़क पर मैठी के पास से खदेड़ते हुए एक राजस्थान नंबर (आरजे 29 जेए 2771) ट्रक पकड़ा, ट्रक ड्राइवर और खलासी अँधेरे का लाभ उठा कर भागने में सफल रहे थे. ट्रक की तलाशी के दौरान प्लास्टिक बोरों के नीचे छुपा कर रखे गए लगभग एक करोड़ रुपये मूल्य के 585 कार्टून विदेशी शराब बरामद किया गया. साथ ही एक व्यक्ति को मौके से गिरफ्तार भी किया गया था.

स्पिरिट कारोबारी क्षेत्र के नाम से विख्यात मोतीपुर थाना क्षेत्र के बरियारपुर बांध के पास से छापेमारी के दौरान ड्रामों में रखे लगभग 650 लीटर अवैध स्पिरिट जप्त कर लिया. छापेमारी के दौरान कारोबारी मौके से भागने में सफल रहे. मामले में स्पिरिट कारोबारी बिजली राय, शिवकुमार राय समेत तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज़ की गयी है.

वहीं सकरा पुलिस ने छापेमारी कर थाना क्षेत्र के सरमस्तपुर निवासी राजू चौधरी के आवास के बगल में स्थित शौचालय में छुपा कर रखे गए इम्पीरियल ब्लू ब्रांड के 42 लीटर शराब को जप्त कर लिया. मामले में राजू चौधरी को आरोपित करते हुए प्राथमिकी दर्ज़ कर ली गयी है.

इधर साहेबगंज पुलिस ने थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गाँव और जिराती टोला में छापेमारी कर शराब बरामद किया है. जगदीशपुर गाँव में छापेमारी कर क्रमश शराब कारोबारी लालबाबू भगत के आवास पर छापेमारी कर 179 बोतल बरामद कर कारोबारी की पत्नी को हिरासत में ले लिया, वहीं जिराती टोला में साइकिल पर बोरा में 20 बोतल विदेशी शराब ले जाते चिरंजन कुमार को गिरफ्तार किया है.

पानापुर करियात ओपी अंतर्गत गोदाई फुलकागा ग्राम में पुलिस ने तीन कार्टून शराब बरामद करते हुए कारोबारी को गिरफ्तार कर लिया है. इस मामले में वरीय पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ने कहा की अवैध शराब और कारोबारियों के खिलाफ जिला की पुलिस द्वारा छापेमारी अभियान लगातार जारी रहेगा. उन्होंने कहा की होली और चुनाव जैसे पर्व में जिलावासियों के पूर्णतः शांतिपूर्ण वातावरण में मनाये जाने को लेकर पुलिस लगातार हाई अलर्ट पर है और शराबबंदी कानून का कड़ाई से अनुपालन कराने को लेकर प्रतिबद्ध है.
