अधिकतर लोगों की चाहत सरकारी नौकरी की होती है। इसके लिए वे काफी मेहनत करते हैं और जैसे ही उन्हें पता चलता है कि कहीं कोई सरकारी नौकरी निकली है तो तुरंत उसके लिए आवेदन करते हैं। अब तो अधिकतर आवेदन ऑनलाइन लिए जा रहे हैं, लेकिन इस ऑनलाइन आवेदन के चक्कर में कई लोगों के साथ ठगी भी हो रही है। अब सरकार ने नौकरी के नाम पर ठगी करने वाली एक वेबसाइट को लेकर चेतावनी जारी की है।
आइए जानते हैं… यदि आप आयुष्मान भारत या प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना नाम की किसी वेबसाइट पर जाते हैं तो यह जरूरी नहीं है कि आप असली वेबसाइट पर जा रहे हैं। आयुष्मान भारत योजना के नाम पर कई सारी फर्जी वेबसाइट चल रही हैं और लोगों को चूना लगाया जा रहा है। अब आयुष्मान भारत योजना के डिप्टी सीईओ दिनेश अरोड़ा ने एक ऐसी ही वेबसाइट के बारे में लोगों को अलर्ट किया है जो सरकारी नौकरी देने के नाम पर लोगों से पैसे ऐंठ रही है।

उन्होंने अपने ट्वीट में कहा है, ‘फ्रॉड अलर्ट! http://www.pmjaygov.in एक फर्जी वेबसाइट है जो आयुष्मान भारत PM-JAY के नाम पर नौकरी का ऑफर देकर ईमानदार नागरिकों को ठगने की कोशिश कर रही है। हमने इसकी सूचना पहले ही साइबर सेल को दे दी है। कृपया करके इस मैसेज को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं ताकि और अधिक लोग इस झांसे में ना आएं।’

यह फर्जी वेबसाइट लोगों से नौकरी के आवेदन के नाम पर 200 रुपये शुल्क भी ले रही है। इस वेबसाइट पर आयुष्मान मित्र के पद के लिए रजिस्ट्रेशन लिए जा रहे हैं। आपको बता दें कि आधिकारिक आयुष्मान भारत योजना की वेबसाइट का यूआरएल https://www.pmjay.gov.in है।
यहां आपको एक जानकारी दे दें कि सभी सरकारी वेबसाइट के यूआरएल में .gov.in होता है। साथ ही फर्जी वेबसाइट की शुरुआत HTTP से होती है ना कि HTTPS से… तो यदि आपके लिए यही बेहतर होगा कि फर्जी सरकारी वेबसाइट की पहचान करें और इनके झांसे में ना आएं।