शादी रचा रहे दूल्हे की पत्नी ने मंडप में दूल्हे की जमकर की पिटाई

चुपके से शादी रचा रहे दूल्हे की पहली पत्नी अचानक शादी के मंडप में पहुंच गई और मंडप में ही दुल्हन के सामने दूल्हे की जमकर पिटाई कर दी। शादी में उपस्थित लोग कुछ समझ पाते कि बाराती चुपचाप वहां से भाग खड़े हुए। उसके बाद दूल्हे को लोगों ने बंधक बना लिया और खूब कोसा।

 

मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा थाना इलाके के बोचहां में पत्नी के रहते दूसरी शादी करने पहुंचे एक दूल्हे की पोल तब खुल गई जब बारात लेकर पहुंचे दूल्हे की पहली पत्नी ने ऐन मौके पर पहुंच कर शादी रूकवा दी और मंडप पर ही उसकी जमकर धुनाई कर दी। दूल्हा चुपके से वैशाली से मुजफ्फरपुर के मालीघाट पहुंचा था।

एक पत्नी के रहते हुए वह दूसरी शादी रचाने आया था। यह जानकर दुल्हन के परिजनों ने दूल्हे को बंधक बना लिया और पत्नी को सौंप दिया। पहली पत्नी रिंकी कुमारी ने बताया कि दुल्हा अशोक कुमार पासवान के साथ उसकी शादी ढाई साल पहले मुक्तिनाथ मन्दिर में हुई थी। वैशाली के पातेपुर थानांतर्गत भैरोखरा निवासी अशोक पासवान के पिता आरडीएस कॉलेज में चपरासी हैं। रिंकी ने खुद को तीन माह की गर्भवती भी बताया।

 

रिंकी ने बताया कि उसे मायके में छोड़कर अशोक नौकरी करने के बहाने बाहर चला गया था। दोनों मोबाइल से बातचीत करते थे। दो दिन से अशोक ने रिंकी को फोन नहीं किया तो उसे चिंता हुई तो उसने अपने मामा को अशोक के बारे में बताया। तो मामा से जानकारी मिली कि अशोक की शादी होने वाली है। यह सुनते ही रिंकी के पैरों के नीचे की जमीन खिसक गई। वह पता लगाते-लगाते मुजफ्फरपुर पहुंच गई। वहां उसे पता चला कि मुशहरी की एक लड़की से उसके पति अशोक की शादी हो रही है।

उसके बाद रिंकी मालीघाट स्थित उस विवाह भवन में पहुंच गई जहां शादी हो रही थी। पंडाल में पहुंच कर रिंकी ने हंगामा शुरू कर दिया तो कोहराम मच गया। रिंकी ने सरेआम दूल्हा बने अशोक की पिटाई कर दी। माजरा समझ में आने पर लड़की वालों ने दूल्हे को बंधक बना लिया और हालात बिगड़ते देख बाराती फरार हो गए।

दूसरी शादी का अरमान लिए पहुंचे दूल्हे राजा की पिटाई होती रही तो दूल्हा बना अशोक पहले तो शादी से इंकार करता रहा और फिर जब पहली पत्नी सामने आई तो खामोश हो गया। वहीं दूल्हे के पिता भी अपने बेटे की पहली शादी की जानकारी से इंकार करते हुए खुद को बचाने में लगे रहे।

उधर, लड़की पक्ष ने यह कह कर दूल्हे को बंधक बना लिया की शादी के नाम पर जो दहेज लिया है, वह वापस करो। पूरी रात विवाह भवन में यह ड्रामा चलता रहा।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading